क्रिकेट

एक और महान क्रिकेटर हुआ रिटायर, T20 विश्व कप 2026 से पहले बड़ी खबर

Kane Williamson Retires: टी20 विश्व कप 2026 से पहले एक और क्रिकेटर ने बड़ा फैसला सुनाते हुए क्रिकेट जगत में खलबली मचा दी है। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने अचानक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला सुना दिया है। उनको कुछ ही समय पहले आईपीएल में लखनऊ की टीम का सलाहकार बनाया गया है।

Image

टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से एक और रिटायरमेंट (Instagram/Blackcaps)

न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन (Kane Williamson) ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की श्रृंखला शुरू होने से कुछ दिन पहले रविवार को टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की। न्यूजीलैंड के लिए 93 टी-20 मैच खेलने वाले विलियमसन को हाल ही में 2026 के सत्र के लिए आईपीएल फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स का रणनीतिक सलाहकार नियुक्त किया गया था।

संन्यास लेने की घोषणा करने के कारण इस 35 वर्षीय बल्लेबाज को बुधवार से यहां वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू हो रही श्रृंखला के लिए 14 सदस्यीय टी20 टीम में शामिल नहीं किया गया। विलियमसन ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 2575 रन बनाए लेकिन वह एक भी शतक नहीं लगा पाए। वह कैरेबियाई टीम के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की तैयारी के सिलसिले में आगामी एकदिवसीय श्रृंखला में भी नहीं खेलेंगे।

विलियमसन ने न्यूजीलैंड की तरफ से टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाए हैं। उनका औसत 33 है और उन्होंने 18 अर्धशतक लगाए हैं। इस प्रारूप में उनका उच्चतम स्कोर 95 रन है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सभी प्रारूपों में 19,000 से अधिक रन बनाने वाले इस क्रिकेटर ने 2011 में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था और 75 मैच में टीम का नेतृत्व किया, जिसमें 2016 और 2022 में दो टी20 विश्व कप सेमीफाइनल और 2021 में फाइनल में कप्तानी करना शामिल है।

विलियमसन ने न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) से कहा, "यह (टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलना) कुछ ऐसा है जिसका हिस्सा बनना मुझे शुरू से ही पसंद था। मैं इन यादों और अनुभवों के लिए बहुत आभारी हूं।" उन्होंने कहा, "इस प्रारूप को अलविदा कहने का यह टीम और मेरे लिए सही समय है। इससे टीम को आगे बढ़ाने और टी20 विश्व कप के लिए टीम तैयार करने में मदद मिलेगी।"

न्यूजीलैंड की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले विलियमसन ने कहा कि टेस्ट और वनडे को लेकर उनकी राय स्पष्ट है और उनका ध्यान अभी वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली तीन टेस्ट मैच की श्रृंखला पर है जिसका पहला मैच दो दिसंबर से क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा।

उन्होंने कहा, "मुझे इस टीम की बहुत परवाह है। न्यूजीलैंड की तरफ से खेलना बहुत मायने रखता है जिसमें आप अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहते हैं। मैं न्यूजीलैंड क्रिकेट का आभारी हूं जिसने हमेशा मेरा पूरा समर्थन किया।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article