क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म स्विगी इंस्टामार्ट ने करीब 340 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। इनमें ज्यादातर कर्मचारी कॉर्पोरेट और सपोर्ट टीम से जुड़े हैं। कंपनी अपने काम करने के तरीके में बदलाव कर रही है। साथ ही, काम को आसान और तेज बनाने के लिए जेनरेटिव AI का इस्तेमाल बढ़ाने की तैयारी कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, कंपनी ने यह फैसला काम में होने वाली दोहराव की परेशानी को खत्म करने, कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने और फैसले जल्दी लेने के लिए किया है। हालांकि, कंपनी का कहना है कि वह अपने स्टोर, सप्लाई चेन और डिलीवरी से जुड़ी टीमों में निवेश जारी रखेगी।
क्यों हो रही है कर्मचारियों की छंटनी?
इंस्टामार्ट इस समय क्विक कॉमर्स के बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा का सामना कर रहा है। ऐसे में कंपनी अपने पुराने ग्राहकों को जोड़े रखने और नए ग्राहक बनाने पर ज्यादा ध्यान देना चाहती है। कंपनी का मानना है कि अभी भी ऐसे कई मौके हैं, जिनसे ग्राहकों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। साथ ही, कोशिश है कि ग्राहक बार-बार खरीदारी करें और हर ऑर्डर पर ज्यादा खर्च करें। खासकर बड़े शहरों में इस पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है।
इंस्टामार्ट के कारोबार में बढ़ोतरी
कर्मचारियों की छंटनी के बीच इंस्टामार्ट के कारोबार में अच्छी बढ़ोतरी भी देखने को मिली है। सितंबर तिमाही में कंपनी ने रिकॉर्ड 12 लाख नए मंथली ट्रांजैक्शन करने वाले यूजर्स जोड़े हैं। वहीं, वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में कंपनी का ग्रॉस ऑर्डर वैल्यू (GOV) पिछली तिमाही के मुकाबले 16.7 फीसदी बढ़कर 9,230 करोड़ रुपये पहुंच गया। सूत्रों का कहना है कि कंपनी की 'स्विच' रणनीति से भी इंस्टामार्ट को फायदा मिल रहा है और कारोबार में सुधार के शुरुआती संकेत दिखने लगे हैं।
स्विगी के दूसरे कारोबार भी मुनाफे में
स्विगी का फूड डिलीवरी बिजनेस पहले से ही मुनाफे में चल रहा है। सितंबर तिमाही में कंपनी ने इस कारोबार में अब तक का सबसे अच्छा कॉन्ट्रीब्यूशन मार्जिन दर्ज किया। इसके अलावा, कंपनी का घर के बाहर खाने-पीने से जुड़ा कारोबार भी लगातार सात तिमाहियों से मुनाफे में है। वहीं, 'टॉइंग' के जरिए कंपनी फूड कैटेगरी में नए ग्राहकों को जोड़ रही है। कंपनी की आगे की रणनीति में कारोबार को बढ़ाने के साथ मुनाफे पर ध्यान देना भी शामिल है।
नौकरी जाने वाले कर्मचारियों को क्या मिलेगा?
कंपनी ने छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों के लिए एक सहायता पैकेज भी तैयार किया है। इसके तहत कर्मचारियों को कानूनी भुगतान के अलावा अतिरिक्त आर्थिक मदद यानी सेवरेंस पैकेज दिया जाएगा। इसके साथ ही कर्मचारियों के आखिरी कामकाजी दिन तक मिलने वाले ESOPs की वेस्टिंग प्रक्रिया को भी तेज किया जाएगा।
कंपनी मई 2027 तक प्रभावित कर्मचारियों का हेल्थ इंश्योरेंस और वेलनेस सब्सक्रिप्शन भी जारी रखेगी। इसके अलावा, जरूरत पड़ने पर दूसरी जगह नौकरी या घर बसाने के लिए रिलोकेशन में मदद दी जाएगी। कर्मचारियों को नई नौकरी ढूंढने में मदद के लिए तीन महीने तक करियर और नेटवर्किंग से जुड़े प्रीमियम टूल्स का एक्सेस भी दिया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, सितंबर तिमाही तक स्विगी के पास करीब 13,500 करोड़ रुपये का कैश रिजर्व था। यानी कंपनी के पास पर्याप्त पैसा मौजूद है। ऐसे में यह छंटनी पैसों की कमी के बजाय कारोबार को नए तरीके से चलाने और खर्च को बेहतर ढंग से मैनेज करने की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।
(इनपुट-भाषा)
