स्पोर्ट्स

Syed Modi India International 2026: खिताब बचाने के करीब पहुंची त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीनाथ की जोड़ी, सेमीफाइनल नें भिड़ेंगी तन्वी और उन्नति

त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप में खिताब बचाने के एक और कदम करीब पहुंच गई हैं। वहीं महिला एकल के सेमीफाइनल में उन्नति हुड्डा और तन्वी शर्मा के बीच भिड़ंत होगी।

Image

तन्वी शर्मा (फोटो क्रेडिट PTI)

लखनऊ: गत चैंपियन त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने शुक्रवार को यहां सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में लगातार तीसरी बार महिला युगल खिताब जीतने की ओर कदम बढ़ाया जबकि भारतीय खिलाड़ी तन्वी शर्मा और उन्नति हुड्डा महिला एकल सेमीफाइनल में आमने सामने होंगी। त्रिसा और गायत्री की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी को क्वार्टर फाइनल में फ्रांस की सातवीं वरीयता प्राप्त मार्गोट लैम्बर्ट और कैमिली पोगनांते के वॉकओवर देने से सेमीफाइनल में प्रवेश मिला। त्रिसा और गायत्री ने अगस्त में नयी दिल्ली में विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था।

वहीं दूसरी वरीय तन्वी को इंडोनेशिया की नि काडेक धिंडा अमर्त्या प्रतिवी के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने 21-19, 18-21, 21-14 से जीत दर्ज की। 17 वर्षीय तन्वी ने अगस्त में ताइपे ओपन सुपर 300 का खिताब जीतकर इस टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे कम उम्र की चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था।

तीसरी वरीय उन्नति ने हमवतन अनमोल खरब को 21-19, 15-21, 21-18 से हराया। उन्नति इस साल ताइपे ओपन के सेमीफाइनल में पहुंची थीं। अब सेमीफाइनल में तन्वी और उन्नति आमने-सामने होंगी जिससे महिला एकल में भारत की एक खिलाड़ी का फाइनल में पहुंचना तय हो गया है। दूसरे सेमीफाइनल में जापान की शीर्ष वरीय रिको गुंजी का सामना थाईलैंड की चौथी वरीयता प्राप्त सुपानिदा काटेथोंग से होगा। गुंजी ने 21-11, 21-11 की जीत से तस्नीम मीर का अभियान समाप्त किया। तस्नीम ने इससे पहले प्री-क्वार्टर फाइनल में स्कॉटलैंड की छठी वरीय क्रिस्टी गिल्मर को हराकर उलटफेर किया था।

मिश्रित युगल में सात्विक रेड्डी कनापुरम और रेशिका उथायसूरियन ने हमवतन विराज कुवाले और रुतपर्णा पांडा की जोड़ी को 21-8, 21-14 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। अब उनका सामना मलेशिया के वी यी हर्न और वन्नी गोबी से होगा। मलेशियाई जोड़ी ने गुरुवार को ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की शीर्ष वरीय जोड़ी को बाहर किया था।

वहीं पुरुष वर्ग में शुक्रवार को भारतीय चुनौती समाप्त हो गई। पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल में तुषार सुवीर को इंडोनेशिया के प्रहदिस्का बागास शुजिवो से 21-19, 19-21, 9-21 से हार का सामना करना पड़ा। पुरुष युगल में हरिहरन अम्सकरुणन और एमआर अर्जुन की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने पहला गेम जीता, लेकिन इसके बाद थाईलैंड के चालोएमपोन चारोएनकिटामोर्न और वोरापोल थोंगसा-न्गा की सातवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी से 21-10, 12-21, 13-21 से हार गए। साई प्रतीक के और रुबन कुमार रेथिनासाबापति को भी इंडोनेशिया कीरेमंड इंद्रा और निकोलस जोक्विन की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी से 22-20, 13-21, 9-21 से हार मिली।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article