क्रिकेट

फॉलोऑन खेलने के बावजूद रोमांचक मुकाबले में जीता न्यूजीलैंड, बनी ऐसा करने वाली चौथी टीम

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Feb 28, 2023, 10:19 AM IST

वेलिंगटन टेस्ट को क्रिकेट फैंस कभी भी भूल नहीं पाएंगे। बेहद रोमांचक मुकाबले में इस मैच में न्यूजीलैंड ने न केवल फॉलोऑन खेलने के बाद वापसी की बल्कि दूसरी पारी में अपनी गेंदबाजी से 257 रन के डिफेंड करते हुए 1 रन से रोमांचक जीत भी दर्ज की। इसके साथ ही न्यूजीलैंड ने सीरीज में बराबरी कर ली है।

Image

न्यूजीलैंड टीम

Photo : Twitter

वेलिंगटन टेस्ट में न्यूजीलैंड ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को 1 रन से हराकर ऐतिहासिक जीत हासिल कर ली। चौथी पारी में इंग्लैंड को जीत के लिए 258 रन बनाने थे, लेकिन वह 256 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस मैच में कई उतार-चढ़ाव के वक्त आए जब टीम जीत के करीब पहुंची, लेकिन सांस रोक देने वाले इस रोमांचक मुकाबले में जीत न्यूजीलैंड को मिली। निल वेगनर ने 4 विकेट लिए और न्यूजीलैंड की जीत की कहानी लिखी। आखिरी विकेट के रूप में उन्होंने जेम्स एंडरसन को आउट किया।

फॉलोऑन खेलने के बावजूद दर्ज की जीत

इस टेस्ट में न्यूजीलैंड को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर होना पड़ा था। न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड की पहली पारी 435 रन के जवाब में पहली पारी में केवल 209 रन बनाए थे और उसे फॉलोऑन खेलना पड़ा, लेकिन दूसरी पारी में अच्छी बल्लेबाजी की और केन विलियमस की 132 रन की पारी के दम पर 483 रन का स्कोर खड़ा किया। विलियमसन के अलावा टॉम ब्लंडेल ने 90, टॉम लैथम मे 83, डेवॉन कॉन्वे ने 61 और डेरिल मिचेल ने 54 रन की पारी खेली। बाद में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने भी अच्छी गेंदबाजी की और इंग्लैंड के सामने 257 रन को सफलतापूर्वक डिफेंड किया।

चौथी टीम बनी न्यूजीलैंड

फॉलोऑन खेलने के बाद टेस्ट जीतने वाली न्यूजीलैंड चौथी टीम बन गई है। इससे पहले इंग्लैंड 1894 और 1981 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फॉलोऑन खेलने के बाद जीत दर्ज की थी। इस सूची में टीम इंडिया भी शामिल है, जिसने ऐतिहासिक कोलकाता टेस्ट में 2001 में ऑस्ट्रेलिया को फॉलोऑन खेलने के बाद 171 रन से पटखनी दी थी। इस मैच में वीवीएस लक्ष्मण ने 281 रन की मैराथन पारी खेली थी।

फॉलोऑन के बाद टेस्ट जीतने वाली टीम

1894- इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 10 रन से हराया

1981- इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 18 रन से हराया

2001- टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 171 रन से हराया

2023- न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को 1 रन से हराया

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article