क्रिकेट

ZIM vs NZ first Test Highlights: न्यूजीलैंड ने पहले टेस्ट में दी जिंबाब्वे को करारी मात, तीन दिन में ही खत्म हुआ मैच

मिचेल सेंटनर की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने जिंबाब्वे को बुलावायो में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट मैच में तीसरे ही दिन 9 विकेट से पटखनी देकर 1-0 की बढ़त बना ली है। जानिए कैसा रहा मैच के तीसरे और आखिरी दिन के खेल का हाल?

Image

न्यूजीलैंड बनाम जिंबाब्वे पहला टेस्ट(फोटो क्रेडिट @ZimCricketv X)

बुलावायो: मिचेल सेंटनर की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने जिंबाब्वे को बुलावायो में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट मैच के तीसरे ही दिन 9 विकेट से जीत दर्ज करके सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। न्यूजीलैंड ने मैच के दूसरे दिन अपनी पहली पारी में 307 रन बनाए और 158 रन की बढ़त हासिल की और दूसरी पारी में जिंबाब्वे के 2 विकेट 31 रन पर चटकाकर जीत की ओर कदम बढ़ा दिए थे। बाकी बचा काम कीवी गेंदबाजों ने मैच के तीसरे दिन कर दिखाया। जिंबाब्वे को दूसरी पारी में न्यूजीलैंड ने 165 रन पर ढेर कर दिया और जीत के लिए मिले 8 रन के लक्ष्य को 2.2 ओवर में 9 विकेट रहते हासिल कर लिया।

31 रन पर जिंबाब्वे ने गंवा दिए थे दो विकेट

जिंबाब्वे की टीम मैच के तीसरे दिन 31 रन पर 2 विकेट के स्कोर से आगे खेलने उतरी। लेकिन विकेट गिरने का सिलसिला नहीं रुका। दिन की शुरुआत में ही निक वाल्च को रूर्के ने चलता कर दिया। ऐसे में बल्लेबाजी करने आए सीन विलियम्स ने एक छोर संभाला लेकिन उनके पैर जमाने से पहले विंसेट मसाकाद्जा (2)भी रूर्के की गेंद पर लपके गए।

165 रन पर ढही जिंबाब्वे की पारी

53 रन पर जिंबाब्वे ने 4 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में सीन विलियम्स और कप्तान क्रेग एर्विन ने मोर्चा संभाला। दोनों खिलाड़ी टीम को अहम साझेदारी करके 100 रन के पार ले गए। लेकिन 110 के स्कोर पर जिंबाब्वे को दोहरे झटके लगे। सीन विलियम्स 49 रन बनाकर मिचेल सेंटनर की गेंद पर लपके गए। वहीं कप्तान क्रेग एर्विन(5) को मैच हेनरी ने टॉम ब्लंडेल के हाथों कैच करा दिया। 110 के स्कोर पर जिंबाब्वे ने 6 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद जिंबाब्वे की टीम को विकेटकीपर तफाद्जा सीगा(27) ने ब्लेसिंग मुजरबानी(19) के साथ मिलकर 150 रन के पार पहुंचाया। जिंबाब्वे की पूरी टीम 165 रन पर ढेर हो गई। न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट कप्तान मिचेल सेंटनर ने लिए। वहीं 3-3 विकेट मैट हेनरी और विल ओ'रूर्के के खाते में गए।

यंग और निकोल्स ने दिलाई जीत

जीत के लिए 8 रन के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम की शुरुआत खराब रही। पहले ओवर में डेवोन कॉन्वे न्यामाहुरी की गेंद पर बोल्ड हो गए। वो चार रन बना सके। इसके बाज विल यंग और हेनरी निकोल्स ने 2.2 ओवर में टीम को जीत दिला दी।। हेनरी निकोल्स ने चौका जड़कर टीम को जीत दिलाई। मैट हेनरी को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने मैच में 90 रन देकर 9 विकेट चटकाए।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article