न्यूजीलैंड ने वेलिंगटन में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में श्रीलंका को पारी और 58 रन से हारा दिया है। श्रीलंका को न्यूजीलैंड की पहली पारी 4 विकेट पर 580 रन के जवाब में फॉलोऑन खेलना पड़ा था। श्रीलंका ने पहली पारी में केवल 164 रन बनाए थे। दूसरी पारी में श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने जरूर कुछ हिम्मत दिखाई लेकिन यह काफी नहीं था। नतीजा पूरी टीम चौथे दिन 358 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
दूसरी पारी में खूब लड़े श्रीलंकाई बल्लेबाज
दूसरी पारी में श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड गेंदबाजों के सामने काफी हिम्मत दिखाई। श्रीलंका के चार बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में अर्धशतकीय पारी खेली। सर्वाधिक 98 रन धनंजय डी सिल्वा ने बनाया, जबकि दिमुथ करुणारत्ने 51, कुसल मेंडिस ने 50 और दिनेश चांडीमल ने 62 रन की पारी खेली।
दूसरी पारी में कप्तान टिम साउथी और ब्लेयर टिकनर ने 3-3 विकेट झटके। इसके अलावा मिचेल ब्रेसवेल ने 2 विकेट झटके।
पहली पारी में न्यूजीलैंड का विशाल स्कोर
न्यूजीलैंड ने पहली पारी में केन विलियमसन के 215 और हेनरी निकोल्स के नाबाद 200 रन की पारी के दम पर 4 विकेट के नुकसान पर 580 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। न्यूजीलैंड के लिए यह पहला मौका था जब किसी पारी में दो बल्लेबाजों ने दोहरा शतक जड़ा हो।
