शारजाह: दो बार की टी20 वर्ल्ड चैंपियन वेस्टइंडीज की टीम को नेपाल के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज के पहले ही मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। रोहित पोडेल की कप्तानी वाली नेपाली टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 148 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद जीत के लिए 149 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैरेबियाई टीम को 19 रन के अंतर से रौंद दिया। वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 129 रन बना सकी। जीत के लिए आखिरी ओवर में वेस्टइंडीज की टीम को 28 रन बनाने थे लेकिन फेबियन ऐलन और ओबेद मैकॉय की जोड़ी ऐसा नहीं कर सकी। दीपेंद्र सिंह ऐरी ने आखिरी ओवर में 29 रन दिए। यह नेपाल की फुल मेंबर नेशन के खिलाफ किसी भी फॉर्मेट में पहली जीत है। ये जीत भी उन्होंने टी20 फॉर्मेट में दो बार की चैंपियन टीम के खिलाफ उसी फॉर्मेट में हासिल की है। यह जीत नेपाल के क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक है।
नेपाल ने बनाए 20 ओवर में 8 विकेट पर 148 रन
वेस्टइंडीज के कप्तान अकील हुसैन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी नेपाल की टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 148 रन का स्कोर खड़ा करने में सफल रही। कप्तान रोहित पोडेल ने सबसे ज्यादा 38 रन की पारी खेली। वहीं 30 रन का योगदान कुशल मल्ला और 22 रन का गुलशन झा ने दिया। 17 रन दीपेंद्र सिंह ऐरी ने बनाए। विंडीज के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट जेसन होल्डर ने चटकाए। 3 विकेट नवीन बिदैसी के खाते में गए। एक सफलता कप्तान अकील हुसैन को मिली।
विंडीज ने 68 रन पर गंवाए 5 विकेट
जीत के लिए 149 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैरेबियाई टीम का नेपाली गेंदबाजों ने शुरुआत में ही हाल बेहाल कर दिया। काइल मेयर्स दूसरे ही ओवर में 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद आमिर जंगू और अकीम अगस्टी ने पारी को आगे बढ़ाया और टीम को 32 रन तक पहुंचाया। लेकिन नंदन यादव ने अगस्टी को कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। उन्होंने 15(7) रन की पारी खेली। इसके बाज जल्दी वेस्टइंडीज के विकेट गिरते गए। 12.2 ओवर में 68 रन पर वेस्टइंडीज ने पांच विकेट गंवा दिए थे।
अंतिम 6 गेंद में जीत के लिए विंडीज को बनाने थे 28 रन
ऐसी स्थिति का नेपाली गेंदबाजों ने फायदा उठाया और विंडीज के बल्लेबाजों को खुलकर रन नहीं बनाने दिए और बीच बीच में विकेट चटकाते रहे। 94 के स्कोर पर विंडीज ने सात विकेट गंवा दिए थे और उसके सिर पर हार का खतरा मंडराने लगा था। ऐसे में किसी तरह टीम 19 ओवर में 8 विकेट पर 121 रन बनाने में सफल हुई। अखिरी ओवर में जीत के लिए 28 रन बनाने का लक्ष्य मिला जिसे दीपेंद्र सिंह ऐरी ने अपनी कसी हुई गेंदबाजी के बल पर हासिल नहीं करने दिया। विंडीज के लिए सहसे ज्यादा 22 रन की पारी नवीन बिदैसी ने खेली। वहीं 19 रन आमिर जंगू ने बनाए। नेपाल के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट कुशल भुर्थल ने चटकाए। 1-1 विकेट ऐरी, करन, नंदन यादव, ललित राजबंसी और रोहित पोडेल की झोली में गए।
