स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। दीपेंद्र एरी के नाबाद अर्धशतक की बदौलत नेपाल ने स्कॉटलैंड को सात विकेट से हरा दिया। नेपाल ने स्कॉटलैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था और सोमपाल कामी के तीन विकेट की बदौलत उन्होंने स्कॉटलैंड को 170 पर रोक दिया। इसके बाद एरी की आक्रामक पारी की बदौलत नेपाल ने 2014 के बाद T20 विश्व कप में पहली जीत हासिल कर ली।
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्कॉटलैंड ने तेज शुरुआत की। माइकल जोंस और जॉर्ज मुन्से ने पहले पावरप्ले में 52 रन जोड़े। टीम ने 80 के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवाया। नेपाल के कप्तान रोहित पौडेल ने जॉर्ज मुन्से को 27 के स्कोर पर पवेलियन भेजा।
माइकल जोंस ने जड़ी फिफ्टी
दूसरे छोर पर खड़े माइकल जोंस ने 45 गेंद पर 71 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने सोमपाल कामी ने क्लीन बोल्ड कर दिया। इसके बाद कामी ने ब्रेंडन मैकमुलेन (25) को पवेलियन की राह दिखाई। जल्दी बेरिंग्टन 10 रन बनाकर कुशल भुर्तेल का शिकार बन गए। यहां से नेपाल ने वापसी की राह पकड़ी। कामी ने एक बाद एक बड़े झटके देकर स्कॉटलैंड को बड़े स्कोर से पहले समेट दिया।
कामी ने लिए तीन विकेट
अंतिम पांच ओवर में स्कॉटलैंड मात्र 39 रन ही जोड़ पाया और 20 ओवर में स्कॉटलैंड 7 विकेट गंवाकर 170 रन बनाए। नेपाल के लिए सोमपाल कामी ने 4 ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
नेपाल की तेज शुरुआत
टारगेट का पीछा करने उतरी नेपाल तूफानी शुरुआत की। पहले विकेट के लिए कुशल भुर्तेल और आसिफ शेख के बीच पहले विकेट के लिए 55 गेंद पर 74 रन की साझेदारी की। शेख 33 रन बनाकर आउट हुए। वहीं भुर्तेल 43 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान रोहित का बल्ला नहीं चला और वह 16 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, दीपेंद्र एरी ने कमान संभाली।
एरी ने 23 गेंद पर जड़ी फिफ्टी
एरी तूफानी पारी खेलते हुए 23 गेंद पर नाबाद 50 रन की पारी खेली। इस पारी के दौरान चार चौके और तीन छक्के लगाए। वहीं, गुलशन झा 17 गेंद पर 24 रन बनाकर नाबाद रहे। नेपाल ने 19.2 गेंद पर तीन विकेट गंवाकर 171 रन बनाकर मैच जीत लिया। साल 2014 के बाद नेपाल ने टी20 वर्ल्ड कप में अपनी पहली जीत दर्ज की।
