शहर

लालकिला नहीं जा पा रहे हैं तो पूर्वी दिल्ली में यहां देखें भव्य रामलीला

अगर आप भव्य रामलीला देखने लालकिला मैदान नहीं जा पा रहे हैं तो कोई बात नहीं पूर्वी दिल्ली में आईपी एक्सटेंशन और CBD ग्राउंड जैसे कई स्थान हैं, जहां पर आप रामलीला का सुंदर मंचन देख सकते हैं।

Image

पूर्वी दिल्ली में रामलीला देखने को यहां आएं

त्योहारों के इस मौसम में अगर आप देश की राजधानी दिल्ली में हैं तो इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता। इस दौरान दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में एक तरफ नवरात्रि के अवसर पर गरबे की धूम है तो दूसरी तरफ बड़े-बड़े दुर्गा पूजा पंडाल भी सज चुके हैं। इसके अलावा पूरी दिल्ली में जगह-जगह रामलीला का मंचन हो रहा है। रामलीला की बात हो तो पुरानी दिल्ली के लाल किला ग्राउंड में होने वाली लव-कुछ रामलीला सबसे मशहूर रामलीलाओं में से एक है। लेकिन हर कोई लालकिला जाकर इस रामलीला का आनंद ले पाए, यह जरूरी नहीं। ऐसे में अगर आप पूर्वी में अच्छी रामलीला देखना चाहते हैं तो यहां हम आपको कुछ विकल्प बता रहे हैं।

बता दें कि पूर्वी दिल्ली में भी रामलीला देखने के कई विकल्प मौजूद हैं। यहां बड़े मंच, रामायण के प्रसंगों का मंचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और मेले का आनंद एक साथ लिया जा सकता है। वैसे तो लगभग हर कॉलोनी और मोहल्ले में रामलीलाओं का मंचन होता है, लेकिन पूर्वी दिल्ली की कुछ रामलीलाएं अपनी भव्यता के लिए जानी जाती हैं।

पूर्वी दिल्ली की अलग-अलग रामलीला समितियां हर साल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन करती हैं। इनमें आईपी एक्सटेंशन, क्रॉस रिवर मॉल के पास CBD ग्राउंड, जीटीबी अस्पताल के आसपास और विवेक विहार के डीडीए मैदान में होने वाले आयोजन प्रमुख हैं।

आईपी एक्सटेंशन की रामलीला

पूर्वी दिल्ली में IP Extension की श्री रामलीला समिति की रामलीला पूर्वी दिल्ली के प्रमुख आयोजनों में गिनी जाती है। इसका आयोजन पटपड़गंज के आईपी एक्सटेंशन स्थित डीडीए उत्सव ग्राउंड में होता है। यह मैदान सीएनजी स्टेशन और नेशनल विक्टर पब्लिक स्कूल के पास मौजूद है।

यहां बड़े मंच और सिनेमाई अंदाज में रामायण के प्रसंगों का मंचन किया जाता है। रामलीला आयोजन के साथ मेला, फूड कोर्ट और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियां भी इस आयोजन में आकर्षण का हिस्सा होती हैं। मंच से सामाजिक और पर्यावरण संबंधी संदेश देने की पहल भी इस आयोजन की विशेषताओं में शामिल है। यहां बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने के कारण सुरक्षा व्यवस्था भी अहम रहती है।

CBD ग्राउंड में श्री बालाजी रामलीला समिति

पूर्वी दिल्ली में रामलीला देखने के लिए दूसरा विकल्प श्री बालाजी रामलीला समिति का आयोजन है। साल 2005 में स्थापित यह समिति सीबीडी ग्राउंड में रामलीला आयोजित करती है। यह मैदान क्रॉस रिवर मॉल के पास मौजूद है।

समिति को अपनी रामलीला मंचन और प्रस्तुति के लिए खासी पहचान मिली है। इसे कई पुरस्कार भी मिल चुके हैं। आसपास के इलाकों में रहने वाले लोग यहां रामलीला और उत्सवी माहौल का आनंद ले सकते हैं।

विवेक विहार में भव्य रामलीला समिति

पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार पुलिस स्टेशन के सामने स्थित डीडीए मैदान में भव्य रामलीला समिति का आयोजन होता है। यहां रामलीला के मंचन के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और स्थानीय स्तर पर उत्सवी गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।

यहां भी ले सकते हैं रामलीला का आनंद

जीटीबी अस्पताल, जीटीबी एन्क्लेव, गीता कॉलोनी और कल्याणपुरी के आसपास के इलाकों में भी कई रामलीला समितियां हैं, जो अपने-अपने स्तर पर रामलीला का मंचन करवाती हैं। स्थानीय स्तर पर लोगों की भागीदारी इस तरह के आयोजनों को सामुदायिक उत्सव का रूप देती है।

जाने से पहले क्या ध्यान रखें?

अगर आप रामलीला देखने जा रहे हैं तो पहले से पूरी तैयारी करके जाएं। समय पर पहुंचें ताकि आपको आराम से बैठकर रामलीला मंचन का लुत्फ लेने का अवसर मिले। समय पर पहुंचेंगे तो पार्किंग की समस्या भी नहीं होगी। वैसे जाने से पहले पता कर लें कि आप जिस रामलीला में जा रहे हैं, वहां पार्किंग की व्यवस्था है या नहीं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article