स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और अजिंक्य रहाणे ने प्रिंस विलियम के साथ एक दोस्ताना टेनिस बॉल क्रिकेट मैच में भाग लिया। इस मैच का आयोजन ब्रिटिश राजघराने की पर्यावरण पहल, अर्थशॉट पुरस्कार समारोह के प्रचार के लिए किया गया था। यह पुरस्कार समारोह अगले महीने मुंबई में होगा। हाल ही में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने वाले 38 वर्षीय रहाणे और गांगुली के अलावा इस मैच में वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज ब्रायन लारा तथा इंग्लैंड के जो रूट और हैरी ब्रूक ने भी भाग लिया।
इन सभी दिग्गज क्रिकेटरों सभी ने प्रिंस विलियम के निमंत्रण पर मंगलवार को बकिंघम पैलेस के बाहर द मॉल में मैच खेला। रहाणे ने बुधवार को लिंक्डइन पर एक पोस्ट में कहा, क्रिकेट खेलने के कारण मैंने दुनिया भर के कई स्थानों का दौरा किया है, लेकिन बकिंघम पैलेस की पृष्ठभूमि में लंदन के द मॉल में टेनिस बॉल क्रिकेट खेलना एक ऐसा अनुभव है जो मुझे लंबे समय तक याद रहेगा।
अजिंक्य रहाणे ने साझा किया अनुभव
उन्होंने कहा, प्रिंस विलियम के साथ समय बिताना तथा खेल जगत के अपने दोस्तों और दिग्गजों दादा (गांगुली), ब्रायन लारा, जो रूट, हैरी ब्रूक और इस मैच को यादगार बनाने वाले सभी लोगों से मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात थी। हमने इंग्लैंड और भारत में खेले गए मैचों की यादों को ताजा किया।
इस इवेंट के अपने अनुभव के बारे में बताते हुए रहाणे ने मैच को एक यादगार अनुभव बताया और भारत -UK के बीच क्रिकेट के लिए साझा प्यार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस इवेंट ने इस नवंबर में मुंबई में होने वाली 'अर्थशॉट प्राइज' सेरेमनी से पहले पर्यावरण की स्थिरता के बारे में जागरूकता भी बढ़ाई और धरती को बचाने के लिए मिलकर कोशिश करने की अहमियत पर जोर दिया।
मुंबई में होगा अर्थशॉट प्राइज
उन्होंने आगे कहा, इस नवंबर में 'अर्थशॉट प्राइज' मुंबई आ रहा है। हमारे ग्रह को प्रकृति, साफ हवा, महासागरों, कचरा कम करने और जलवायु के मामले में बेहतर बनाने और बचाने के लिए उन्हीं मूल्यों की जरूरत है जो खेल हमें रोज सिखाते हैं- अनुशासन, सामूहिक प्रयास और सच्ची नीयत। लंदन में एक यादगार सुबह, एक ऐसे मकसद के लिए जिसे हमारे पूरे समर्थन की जरूरत है। अगले महीने अपने शहर में 'अर्थशॉट प्राइज' का स्वागत करने का बेसब्री से इंतजार है।
साल 2020 में प्रिंस विलियम द्वारा शुरू किया गया अर्थशॉट प्राइज ग्रह को बेहतर बनाने के लिए नए और असरदार समाधान खोजने, उन्हें पहचान दिलाने और उनका समर्थन करने का काम करता है। इसका छठा संस्करण भारत में होगा और पुरस्कार समारोह 17 नवंबर, 2026 को मुंबई में आयोजित किया जाएगा।
