शहर

महाराष्ट्र के किसानों की बल्ले-बल्ले! दिवाली से पहले खातों में आएंगे पांच हजार रुपये, CM फडणवीस का बड़ा ऐलान

Devendra Fadnavis Farmers Bonus: महाराष्ट्र सरकार ने सूखाग्रस्त किसानों के लिए इतिहास में पहली बार पांच हजार रुपये की एडवांस सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट किया है कि आचार संहिता राहत कार्यों पर लागू नहीं होती और यह राशि दिवाली से पहले करीब सवा करोड़ किसानों के खातों में पहुंच जाएगी।

Image

सीएम फडणवीस का बड़ा ऐलान (फाइल फोटो)

Devendra Fadnavis Farmers Bonus: महाराष्ट्र सरकार ने सूखे से जूझ रहे किसानों के लिए एक बहुत बड़ा फैसला लिया है। राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिवाली से पहले किसानों के बैंक खातों में पांच हजार रुपये की अग्रिम सहायता राशि भेजने का ऐलान किया है। राज्य के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसानों को इस तरह एडवांस मदद दी जा रही है। इस योजना से प्रदेश के करीब एक से सवा करोड़ किसानों को सीधा फायदा पहुंचेगा। सरकार इस पर करीब छह हजार करोड़ रुपये खर्च करने जा रही है।

महाराष्ट्र में इस बार बारिश ठीक न होने की वजह से कई इलाकों में सूखे जैसे हालात पैदा हो गए हैं। सरकार ने राज्य के 358 में से कुल 305 तालुकों को सूखाग्रस्त घोषित किया है। पहले यह आंकड़ा 265 तालुकों का था। आमतौर पर किसानों को मदद मिलने में दिसंबर तक का समय लग जाता था, लेकिन इस बार सरकार ने त्योहारों के मौसम को ध्यान में रखते हुए प्रक्रिया को काफी तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री का कहना है कि इस साल दिवाली किसानों के लिए थोड़ी मुश्किल भरी हो सकती है, इसलिए यह पैसा त्योहार से पहले उनके खातों में पहुंचना जरूरी है ताकि वे अपनी जरूरतें पूरी कर सकें।

इस बीच, बैठक के दौरान कुछ मंत्रियों ने आचार संहिता का हवाला देते हुए अधिकारियों के मीटिंग में न आने की बात उठाई। इस पर मुख्यमंत्री काफी नाराज हुए और साफ निर्देश दिए कि आपदा और राहत कार्यों पर आचार संहिता लागू नहीं होती है। उन्होंने कहा कि जो भी अधिकारी सूखा राहत बैठकों से दूर रहे, उनके नाम तुरंत बताएं ताकि उन पर सख्त कार्रवाई की जा सके। मंत्रियों को भी अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करने और चुनाव आयोग से अनुमति मांगने में वक्त बर्बाद न करने की सलाह दी गई है। सरकार के इस कदम से दिवाली के समय किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article