Entertainment News Today: एंटरटेनमेंट जगत में आज कई खबरें सुर्खियों में हैं। कंगना रनौत ने अजनार नदी में दोबारा गंदगी फैलने पर नाराजगी जताई, वहीं ‘कॉफी विद करण 9’ के फिनाले में शाहरुख खान के आने की चर्चा है। यामी गौतम ने पति आदित्य धर की तारीफ की। अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने CJP को लेकर दावा किया है। अनीत पड्डा की बर्थडे पार्टी में आलिया भट्ट और अहान पांडे पहुंचे। अर्जुन बिजलानी ने पत्नी नेहा की टी-शर्ट को लेकर माफी मांगी। एकता कपूर ने एंटरटेनमेंट जगत में हिंदू आस्था को लेकर अपने अनुभव बताए। इसके अलावा नई फिल्म और ‘दृश्यम 4’ पर भी अपडेट सामने आए।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, करण जौहर के चैट शो ‘कॉफी विद करण 9’ के आखिरी एपिसोड में शाहरुख खान नजर आ सकते हैं। शो में आलिया भट्ट, शाहीन भट्ट, करीना कपूर, सैफ अली खान, कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा के आने की भी चर्चा है। हालांकि, इन सभी मेहमानों की मौजूदगी को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
कंगना रनौत ने मध्य प्रदेश की अजनार नदी में दोबारा कचरा जमा होने पर नाराजगी जताई है। बिट्टू तबाही ने आठ महीने तक मेहनत करके नदी की सफाई की थी, लेकिन कुछ ही समय बाद वहां फिर गंदगी दिखने लगी। कंगना ने बिट्टू का समर्थन करते हुए लोगों के व्यवहार पर सवाल उठाए और कहा कि लोग अधिकारों की बात करते हैं, लेकिन जिम्मेदारी नहीं निभाते।
यामी गौतम ने अपने पति और फिल्ममेकर आदित्य धर की तारीफ करते हुए कहा कि उनके जैसा इंसान मिलना दुर्लभ है। यामी के मुताबिक, आदित्य बहुत शांत स्वभाव के हैं, आसानी से गुस्सा नहीं होते और हर परिस्थिति में खुद को संतुलित रखते हैं। एक्ट्रेस ने अपने पति के व्यवहार और व्यक्तित्व की तारीफ करते हुए उनके साथ अपने रिश्ते पर बात की। इसके अलावा एक्ट्रेस यामी गौतम राम लला के दर्शन करने अयोध्या पहुंची हैं।
अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने दावा किया है कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और उसके नेता अभिजीत दीपके को अमेरिका के कुछ दानदाताओं से आर्थिक मदद मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसका मकसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाना है।
‘सैयारा’ फेम अनीत पड्डा ने अपना 24वां जन्मदिन मनाया। उनकी पार्टी की तस्वीरों में अहान पांडे, उनकी मां डीन पांडे और आलिया भट्ट नजर आए। पार्टी की थीम गुलाबी और परियों की दुनिया जैसी रखी गई थी। अनीत के सह-कलाकार अहान ने भी सोशल मीडिया पर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी थी। पार्टी की तस्वीरें सामने आने के बाद फैंस के बीच चर्चा शुरू हो गई।
अर्जुन बिजलानी और उनकी पत्नी नेहा स्वामी ने एक टी-शर्ट को लेकर हुए विवाद के बाद माफी मांगी है। टी-शर्ट पर पैगंबर से जुड़ा उर्दू में लिखा संदेश था, जिस पर सोशल मीडिया पर आपत्ति जताई गई। दंपती ने सफाई दी कि उन्हें उस संदेश के धार्मिक महत्व की जानकारी नहीं थी।
निर्माता एकता कपूर ने कहा कि एंटरटेनमेंट जगत में हिंदू आस्था और धार्मिक प्रतीकों को लेकर लोगों को आलोचना का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि टीका और धागा पहनने पर उनका मजाक उड़ाया गया था। एकता ने इसे ‘हिंदूफोबिया’ बताते हुए सवाल किया कि हिंदू लोककथाओं और पौराणिक कहानियों को एंटरटेनमेंट में सहजता से क्यों स्वीकार नहीं किया जाता।
कृति शेट्टी की आगामी फिल्म का नाम ‘हम तेरे प्यार में’ रखा गया है। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, इस लव स्टोरी को रोहित शेट्टी प्रस्तुत कर रहे हैं और उनके सहयोगी विदि घोडगांवकर इसका निर्देशन करेंगी। ये फिल्म कृति शेट्टी की हिंदी सिनेमा में बतौर लीड एक्ट्रेस शुरुआत होगी।
निर्देशक अभिषेक पाठक ने साफ किया है कि अजय देवगन, तब्बू और श्रिया सरन की फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ के बाद ‘दृश्यम 4’ बनाने की योजना नहीं है। उनके मुताबिक, कहानी एक खूबसूरत अंत तक पहुंच चुकी है और इसे आगे बढ़ाकर खराब नहीं करना चाहिए।