क्रिकेट

Ranji Trophy Round-up: बंगाल ने दिल्ली को, गुजरात ने ओडिशा को रौंदकर की सीजन की शुरुआत, यूपी ने बिहार को दी करारी मात

बंगाल ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी में अपने अभियान का आगाज जीत के साथ करते हुए दिल्ली को चौथे और आखिरी दिन नौ विकेट से मात दी। वहीं दूसरी तरफ गुजरात ने ओडिशा को 10 विकेट से रौंदकर रणजी सीजन की शुरुआत की है।

Image

बंगाल क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट CAB)

अहमदाबाद: बंगाल ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी में अपने अभियान का आगाज जीत के साथ करते हुए दिल्ली को चौथे और आखिरी दिन नौ विकेट से हरा दिया। अपने कल के स्कोर तीन विकेट पर 101 रन से आगे खेलते हुए दिल्ली की टीम 106.2 ओवर में 277 रन पर आउट हो गई। कप्तान आयुष बडोनी ने 134 गेंद में 85 रन बनाये जिसमें दस चौके शामिल थे। विकेटकीपर बल्लेबाज अनुज रावत ने 76 गेंद में 39 रन का योगदान दिया। दिल्ली के 240 रन के जवाब में बंगाल ने पहली पारी में 429 रन बनाये थे और उसे 89 रन का लक्ष्य हासिल करने के लिये 15.3 ओवर की ही जरूरत पड़ी।

गुजरात ने दी ओडिशा को 10 विकेट से मात

वहीं एक अन्य मैच में बाएं हाथ के स्पिनर सिद्धार्थ देसाई की शानदार गेंदबाजी के दम पर गुजरात ने ओडिशा को 10 विकेट से करारी शिकस्त देकर बोनस अंक सहित सात अंक हासिल किए। ओडिशा ने सुबह चार विकेट पर 119 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई लेकिन उसकी पूरी टीम 161 रन पर आउट हो गई। गुजरात को इस तरह से 47 रन का लक्ष्य मिला जिसे उसने 9.3 ओवर में बिना किसी नुकसान के हासिल कर लिया।

इससे पहले देसाई ने 36 रन देकर पांच विकेट लिए और ओडिशा को सस्ते में समेटने में अहम भूमिका निभाई। ओडिशा की तरफ से संदीप पटनायक ने 65 और निनाद राठवा ने 53 रन बनाए। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्जन नागवासवाला ने भी गुजरात की जीत में योगदान दिया। उन्होंने मैच में छह विकेट लिए, जिसमें दूसरी पारी में लिए गए 33 रन देकर तीन विकेट भी शामिल हैं।

यूपी ने बिहार को पारी के अंतर से रौंदा

बिहार के राजगीर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए ग्रुप ए के मुकाबले में यूपी ने मेजबान टीम को पारी और 267 रन के अंतर से रौंद दिया। बिहार को स्टार खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी की कमी महसूस हुई। यूपी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बिहार के सामने 540 रन का पहाड़ सा लक्ष्य खड़ा किया था। इसके जवाब में बिहार की टीम पहली पारी में 141 रन पर सिमट गई। इसके बाद फॉलोऑन खेलते हुए 132 रन बना सकी और मैच पारी के अंतर से गंवा दिया। कर्ण शर्मा ने यूपी के लिए सबसे ज्यादा 7 विकेट लिए।

(भाषा इनपुट के साथ)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article