क्रिकेट

IPL 2026 के आगाज से पहले मुंबई इंडियन्स की बढ़ी चिंता, सीओई पहुंचा धाकड़ खिलाड़ी

आईपीएल 2026 के आगाज से 5 दिन पहले पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियन्स के खेमे से एक चिंताजनक खबर आई है। टीम का धाकड़ खिलाड़ी टूर्नामेंट के आगाज से ठीक पहले बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सिलेंस पहुंचा है।

Image

मुंबई इंडियन्स (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

बेंगलुरू: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन के आगाज में कुछ ही दिन शेष बचे हैं। ऐसे में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियन्स के खेमे से एक चिंताजनक खबर आई है। टीम इंडिया को टी20 विश्व कप का लगातार दूसरी बार खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले धाकड़ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बेंगलुरू स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सिलेंस पहुंचे हैं। ऐसे में उनकी फिटनेस और आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियन्स के लिए खेलने पर सवालिया निशान उठ खड़े हुए हैं।

अबतक नहीं जुड़े हैं मुंबई के कैंप से

अपनी छठी खिताबी जीत का इंतजार कर रही मुंबई इंडियन्स की गेंदबाजी की कमान बुमराह संभालते हैं। ऐसे में सीजन की शुरुआत से पहले उनकी फिटनेस पर सवाल उठना किसी भी नजरिए से टीम के लिए सही नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक आईपीएल के आगाज से पहले बुमराह सेंटर ऑफ एक्सिलेंस पहुंचे हैं। इसकी वजह क्या है इसका खुलासा अबतक नहीं हो सका कि ऐसा वर्क लोड मैनेजमेंट मद्देनजर हुआ है या उनकी कोई पुरानी चोट उभर गई है। बुमराह अबतक मुंबई इंडियन्स के कैंप से नहीं जुड़े हैं। 8 मार्च को टीम इंडिया की टी20 विश्व कप में खिताबी जीत के बाद से बुमराह मैदान से दूर हैं।

शानदार रहा है बुमराह का मुंबई के लिए प्रदर्शन

साल 2013 में बुमराह मुंबई इंडियन्स की टीम के साथ जुड़े थे। तब से लेकर अबतक वो मुंबई की टीम के सदस्य रहे हैं। मुंबई की टीम ने पांच बार खिताब अपने नाम किया है और इस दौरान बुमराह मुंबई पलटन का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने अबतक खेले 145 मैच में 183 विकेट अपने नाम 22 के औसत और 7.2 की इकोनॉमी से अपने नाम किए हैं। बुमराह के दबदबा दुनिया के बड़े से बड़े बल्लेबाजों के सामने दिखा है। ऐसे में उनके बगैर छठी बार खिताबी जीत हासिल करने का मुंबई का ख्वाब बमुश्किल पूरा हो सकेगा। इसलिए मुंबई पलटन के फैन्स बुमराह के पूरी तरह फिट होने की दुआ कर रहे हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article