क्रिकेट

मुंबई इंडियन्स के क्रिकेटर के घर गूंजी किलकारी, बेटे के बने पिता

आईपीएल नीलामी से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स से मुंबई इंडियन्स में ट्रेड हुए ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर के घर किलकारी गूंजी है। उनकी पत्नी मिताली पारुलकर ने बेटे को जन्म दिया है।

Image

शार्दुल ठाकुर पत्नी मिताली पारुलेकर के साथ (फोटो क्रेडिट Shardul Thakur Instagram)

मुंबई: भारतीय ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर पिता बन गए हैं। उनकी वाइफ मिताली पारुलकर ने बेटे को जन्म दिया है, जिसकी जानकारी क्रिकेटर ने रविवार को सोशल मीडिया पर दी। शार्दुल ठाकुर ने अपनी इंस्टा स्टोरी में लिखा,'माता-पिता के दिलों में छिपा हुआ, खामोशी, आस्था और असीम प्यार से सुरक्षित, हमारा छोटा-सा राज आखिरकार दुनिया के सामने आ गया। 9 खूबसूरत महीनों तक चुपचाप संजोया गया हमारा सपना। आपका स्वागत है, नन्हे राजकुमार।' इसके साथ एक पोस्टर में लिखा था,'हमें बेटे के रूप में आशीर्वाद मिला है।'

साल 2023 में हुई थी शार्दुल और मिताली की शादी

इस मौके पर फैंस ने शार्दुल ठाकुर और उनकी पत्नी को माता-पिता बनने की बधाई दी है। शार्दुल ठाकुर ने नवंबर 2021 में मिताली से सगाई की थी, जिसके बाद 28 फरवरी 2023 को दोनों शादी के बंधन में बंध गए। कोल्हापुर में जन्मीं मिताली एक बिजनेसवुमेन हैं। भारत के लिए 13 टेस्ट, 47 वनडे और 25 टी20 मैच खेलने वाले शार्दुल ठाकुर हाल ही में लखनऊ सुपर जायंट्स से मुंबई इंडियंस में ट्रेड हुए थे।

मुंबई इंडियन्स की टीम में शामिल हुए हैं शार्दुल

यह ऑलराउंडर फिलहाल इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की तैयारी में जुटा है। शार्दुल ठाकुर आईपीएल में अब तक 6 टीमों की ओर से खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 105 मुकाबलों में 30.31 की औसत के साथ 107 विकेट हासिल किए हैं। वहीं, बल्ले से शार्दुल 325 रन बना चुके हैं। बल्लेबाज के तौर पर उनका सर्वोच्च स्कोर 68 रहा है।

टीम को संतुलन देंगे शार्दुल ठाकुर

मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने के मुताबिक, सीम-बॉलिंग ऑल-राउंडर शार्दुल ठाकुर के आने से उनकी टीम को एक अलग संरचना मिलेगी। मुंबई इंडियंस के कोच ने कहा,'ऑक्शन के बाद हम जो संतुलन बना पाए, मैं उससे बहुत खुश हूं। शार्दुल (ठाकुर) अपनी बहुमुखी प्रतिभा, अनुभव और ऑलराउंड डेप्थ से हमें एक अलग संरचना देते हैं। वह मुंबई का लड़का है। यह एक शानदार कहानी है कि उन्होंने कहां से शुरुआत की और फिर मुंबई इंडियंस का हिस्सा बन गए।'

(IANS)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article