शहर

VIDEO: द्वारका एक्सप्रेसवे पर थार का कहर, बाइक सवारों को मारी टक्कर और मौके से फरार, डैशकैम में कैद हुई पूरी घटना

दिल्ली-गुरुग्राम द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी और फरार हो गया। पूरी घटना डैशकैम में कैद हुई, वीडियो वायरल।

Image

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ खतरनाक वीडियो

Gurugram News: दिल्ली-गुरुग्राम को जोड़ने वाले द्वारका एक्सप्रेसवे पर हिट एंड रन का एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। शनिवार रात एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद थार चालक बिना रुके मौके से तेजी से फरार हो गया। पूरी घटना पीछे चल रही एक कार के डैशकैम में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में दिखी लापरवाही

यह घटना शनिवार रात 8 बजे के बाद की बताई जा रही है। डैशकैम फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार थार बाईं ओर की सर्विस लेन से अचानक मेन ट्रैफिक में प्रवेश करती है। इसके बाद थार चालक लेन पार करते हुए बेहद खतरनाक तरीके से आगे निकलने की कोशिश करता है। आगे चल रही एक कार और मोटरसाइकिल के बीच बेहद कम जगह होने के बावजूद थार चालक ने वहां से निकलने की कोशिश की, जिससे थार का संतुलन बिगड़ा और उसने सीधे मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी।

हेलमेट ने बचाई जान

टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक का संतुलन बिगड़ गया और उस पर सवार दो लोग सड़क पर गिर गए। राहत की बात यह रही कि बाइक चालक और उसके पीछे बैठे व्यक्ति दोनों ने ही हेलमेट पहन रखा था, जिसकी वजह से उनकी जान बच गई और उन्हें केवल मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद पीड़ित संभाले पाते, इससे पहले ही थार चालक रफ्तार बढ़ाते हुए वहां से रफूचक्कर हो गया।

गाड़ी का पहले से कट चुका है 5 हजार का चालान

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद जब थार के रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच की गई, तो ई-चालान के रिकॉर्ड से कई खुलासे हुए। इस डीजल गाड़ी पर पहले से ही खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाने और रेड लाइट तोड़ने के आरोप में 5,000 रुपये का जुर्माना लंबित है, जो कि बीते 3 अगस्त को लगाया गया था। डैशकैम फुटेज के आधार पर दिल्ली-गुरुग्राम पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो और गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए आरोपी चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article