कम लागत में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई के कारण फिलीपींस (Philippines) अंतरराष्ट्रीय छात्रों, विशेष रूप से मेडिकल (MBBS/BS-MD) की तैयारी करने वाले भारतीय छात्रों के लिए एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। हर साल हजारों छात्र मेडिकल या अन्य विषयों में डिग्री प्राप्त करने का सपना देखते हुए फिलीपींस से प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश लेते हैं। लेकिन सिर्फ एक फेमस संस्थान में एडमिशन लेना काफी नहीं होता है। छात्र को उस देश के वीजा नियमों, शैक्षणिक प्रणाली और पार्ट-टाइम काम से जुड़े कानूनों की स्पष्ट जानकारी होना बेहद जरूरी है। फिलीपींस में पढ़ाई के नियम क्या हैं, छात्र वीजा की प्रक्रिया कैसी है और क्या पढ़ाई के साथ पार्ट-टाइम जॉब करके कमाई की जा सकती है की नहीं? इस तरह के सवालों का जवाब जानना जरूरी है। अगर आप भी फिलीपींस से शिक्षा प्राप्त करने की सोच रहे हैं तो यह स्टोरी आपके लिए जरूरी है। आइए इसके बारे में विस्तार से जानें।
फिलीपींस में पढ़ाई के प्रमुख नियम और योग्यता
फिलीपींस के विश्वविद्यालयों में प्रवेश पाने और वहां रहने के लिए अंतरराष्ट्रीय छात्रों को कुछ अनिवार्य नियमों का पालन करना होता है -
छात्र वीजा किन्हें मिलता है? फिलीपींस में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए छात्रों को 9(F) स्टूडेंट वीजा प्राप्त करना होता है। यह वीजा 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के उन विदेशी छात्रों को जारी किया जाता है, जिन्हें Bureau of Immigration (BI) द्वारा स्वीकृत विश्वविद्यालय में प्रवेश मिला हो।
शैक्षणिक पात्रता क्या है? स्नातक या मेडिकल (BS-MD) कोर्स में दाखिले के लिए उम्मीदवार को 12वीं न्यूनतम 50% से 60% अंकों के साथ पास होना अनिवार्य है। मेडिकल छात्रों के लिए भारत में NEET परीक्षा पास होना भी जरूरी है।
अकादमिक ट्रांसफर और क्रेडिट सिस्टम क्या है? फिलीपींस का शैक्षणिक ढांचा अमेरिका की शिक्षा प्रणाली से काफी मेल खाता है, इसलिए यहां सेमेस्टर सिस्टम और क्रेडिट आवर्स के आधार पर मूल्यांकन किया जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - यूरोप में Schengen Countries का क्या अर्थ है, जानें मुख्य विशेषताएं
फिलीपींस में पार्ट-टाइम काम के नियम
फिलीपींस जाने वाले अधिकतर भारतीय छात्रों का सबसे पहला सवाल होता है कि क्या वे पढ़ाई के साथ अपनी दैनिक जेब खर्च निकालने के लिए पार्ट-टाइम नौकरी कर सकते हैं? तो इसका सीधा और सपष्ट जवाब है - नहीं, फिलीपींस में स्टूडेंट वीजा (9F) पर पढ़ाई कर रहे विदेशी छात्रों को आधिकारिक तौर पर ऑफ-कैंपस पार्ट-टाइम नौकरी करने की अनुमति नहीं है। इमिग्रेशन कानून के अनुसार, स्टूडेंट वीजा केवल और केवल पढ़ाई के उद्देश्य से जारी किया जाता है, इसमें नौकरी को शामिल नहीं किया गया है। ऐसे में यदि कोई छात्र पार्ट टाइम नौकरी कर रहा है तो उस पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। उसकी डिग्री रद्द हो सकती है और उसे वापस उसके देश डिपोर्ट किया जा सकता है।
फिलीपींस में किसी भी विदेशी नागरिक को कानूनी रूप से काम करने के लिए Special Working Permit (SWP) या Alien Employment Permit (AEP) की आवश्यकता होती है, जो स्टूडेंट वीजा धारकों को आसानी से जारी नहीं किया जाता। इसलिए ऐसा कोई भी कदम न उठाएं, जो आपके भविष्य के लिए नुकसानदायक हो।
वित्तीय क्षमता और बजट प्रबंधन
चूंकि फिलीपींस में पढ़ाई के दौरान पार्ट-टाइम कमाई का विकल्प नहीं मिलता, इसलिए छात्रों को अपनी वित्तीय योजना पहले से ही मजबूत रखनी चाहिए। फिलीपींस में अन्य पश्चिमी देशों (जैसे यूएस, यूके या ऑस्ट्रेलिया) की तुलना में पढ़ाई और रहने का खर्च काफी कम है। यहां ट्यूशन फीस औसतन 2.5 लाख से 5 लाख रुपये प्रति वर्ष और रहने का खर्च 15,000 से 25,000 रुपये प्रति माह के बीच आता है। वीजा आवेदन के समय छात्र या उसके माता-पिता को पर्याप्त बैंक बैलेंस दिखाना होता है ताकि यह सिद्ध हो सके कि वे बिना काम किए पूरे कोर्स का खर्च उठा सकते हैं।
यदि आप फिलीपींस में पढ़ाई का प्लान बना रहे हैं, तो यह ध्यान रखना बेहद आवश्यक है कि आप पार्ट-टाइम जॉब के भरोसे अपने वित्तीय खर्चों की योजना न बनाएं। फिलीपींस में किफायती फीस और बेहतरीन अंग्रेजी माहौल का फायदा उठाने के लिए पहले से ही संपूर्ण बजट तैयार करके जाना ही समझदारी भरा कदम होगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Canada में पढ़ाई के लिए भारतीय छात्रों के लिए क्या है नियम, कौन कर सकता है आवेदन
फिलीपींस में छात्र वीजा (9F) कैसे प्राप्त करें?
फिलीपींस की मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी में आवेदन करें और एडमिशन लेटर प्राप्त करें। उसके बाद अपने सभी शैक्षणिक दस्तावेजों, पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (PCC) और मेडिकल रिपोर्ट को विदेश मंत्रालय से प्रमाणित कराएं। फिर छात्र फिलीपींस दूतावास/कॉन्सुलट में 9F वीजा के लिए आवेदन जमा करें।
वीजा मिलने के बाद क्या करें
पढ़ाई के लिए वीजा प्राप्त होने के बाद फिलीपींस पहुंचे छात्रों को 'Alien Certificate of Registration Identity Card' (ACR I-Card) के लिए आवेदन करना होता है, जो वहां उनके वैध निवास का प्रमाण पत्र होता है।
