Delhi News: राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश-2 से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक 22 वर्षीय युवती के साथ मारपीट, अभद्रता, जान से मारने की धमकी और उसका आईफोन छीनकर ले जाने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़िता की मां ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस के दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त (DCP) को ऑनलाइन शिकायत भेजकर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। यह शिकायत 27 सितंबर को दर्ज कराई गई।
आरोपी की पहचान और वरिष्ठ अधिकारी से जुड़ाव का दावा
शिकायत के अनुसार, आरोपी युवक की पहचान अन्मय कृष्णा के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता का दावा है कि अनमय कृष्णा वरिष्ठ IAS अधिकारी अश्वनी कुमार का बेटा है। हालांकि, शिकायत की प्रारंभिक प्रति में इस बात की कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है कि आरोपी का संबंध उक्त अधिकारी से है या नहीं।
बाथरूम में मारपीट और बाल खींचने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, युवती और अन्मय कृष्णा के बीच जुलाई 2026 से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। 25 सितंबर को आरोपी बातचीत के जरिए मामला सुलझाने के बहाने युवती के घर पहुंचा था। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि 26 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे घर के कर्मचारियों ने सूचना दी कि दोनों के बीच बाथरूम में झगड़ा हो रहा है। जब परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि आरोपी युवक कथित तौर पर युवती के साथ मारपीट कर रहा था और उसके बाल खींच रहा था।
शारीरिक संबंध से इनकार पर की बदसलूकी
शिकायतकर्ता ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब युवती ने आरोपी के साथ शारीरिक संबंध बनाने से इनकार कर दिया, तो उसने गुस्सा होकर बदसलूकी और हिंसा शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपी जाते-जाते युवती का आईफोन भी अपने साथ छीनकर ले गया। उसमें मौजूद निजी तस्वीरों और वीडियो को इंटरनेट पर सार्वजनिक करने की धमकी दी गई। इसके अलावा पीड़िता को जान से मारने की भी धमकी दी गई।
112 पर दी गई सूचना, पुलिस की भूमिका पर भी उठाए सवाल
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने 112 नंबर पर आपातकालीन पुलिस सहायता मांगी। सूचना मिलने के लगभग 15 मिनट बाद पीसीआर वैन मौके पर पहुंची। इसके बाद युवती को मेडिकल जांच के लिए मालवीय नगर स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया। शिकायतकर्ता ने अपनी याचिका में पुलिस की शुरुआती कार्रवाई और मेडिकल जांच की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच, दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अपनी बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
