क्रिकेट

तेंदुलकर और गावस्कर के बाद इस पूर्व दिग्गज की वानखेड़े स्टेडियम में लगेगी प्रतिमा, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने किया फैसला

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज दिलीप वेंसरकर ने सचिन तेंदुलकर और सुनील गावस्कर के बाद इस पूर्व दिग्गज की मूर्ति वानखेड़े स्टेडियम में लगाने का फैसला किया है।

Image

वानखेड़े स्टेडियम में सचिन तेंदुलकर की मूर्ति (फोटो क्रेडिट ICC X)

मुंबई: मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) ने बुधवार को घोषणा की कि पूर्व भारतीय कप्तान और चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष दिलीप वेंगसरकर की आदमकद प्रतिमा मुंबई के प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम में स्थापित की जाएगी। एमसीए ने अपनी शीर्ष परिषद की बैठक के दौरान यह निर्णय लिया। इस दौरान यह फैसला भी किया गया कि ‘कृषक समुदाय के प्रति एकजुटता’ के रूप में मुख्यमंत्री राहत कोष में एक करोड़ रुपये दान किया जाएगा। मुंबई के खिलाड़ी भी इसी उद्देश्य के लिए सामूहिक रूप से 25 लाख रुपये का योगदान देंगे।

सर्वसम्मति से हुए वेंसरकर की प्रतिमा लगाने का फैसला

एमसीए ने कहा, 'परिषद ने भारतीय और मुंबई क्रिकेट में उनके उत्कृष्ट योगदान के सम्मान में वानखेड़े स्टेडियम में दिलीप वेंगसरकर की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने का सर्वसम्मति से संकल्प लिया है।' वेंगसरकर ने 1976 से 1992 के बीच 116 टेस्ट और 129 एकदिवसीय मैच खेले और इस दौरान 10 टेस्ट और 18 एकदिवसीय मैच में भारत की कप्तानी भी की। देश के सबसे जबरदस्त बल्लेबाजों में से एक वेंगसरकर ने टेस्ट क्रिकेट में 42.13 की औसत से 17 शतक और 35 अर्द्धशतक के साथ 6,868 रन बनाए। उन्होंने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक शतक और 23 अर्द्धशतक के साथ 34.73 की औसत से 3,508 रन भी बनाए।

वेंसरकर और इडुल्जी जून में बने थे एमसीए के सलाहकार

इससे पहले जून में 69 वर्षीय वेंगसरकर को पूर्व भारतीय महिला कप्तान डायना इडुल्जी के साथ एमसीए का क्रिकेट सलाहकार नियुक्त किया गया था। इस बीच शीर्ष परिषद ने मुंबई महानगर क्षेत्र में एमसीए क्रिकेट अकादमियां स्थापित करने और मैदान क्लबों के लिए क्रिकेट प्रोत्साहन सब्सिडी को बढ़ाकर 10,000 रुपये प्रति मैच करने का निर्णय लिया। एमसीए के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा, 'वानखेड़े में दिलीप वेंगसरकर की प्रतिमा स्थापित करना मुंबई के महानतम क्रिकेट दिग्गजों में से एक के प्रति सराहना है जबकि किसानों और मैदान क्लबों के लिए हमारा समर्थन एमसीए के समुदाय के साथ गहरे संबंध को रेखांकित करता है।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article