क्रिकेट

IND W vs ENG W Test Day 1 Highlights: पहली पारी में 285 रन पर ढेर हुई टीम इंडिया, मंधाना शतक से चूकीं, इंग्लैंड ने सस्ते में गंवाया पहला विकेट

इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले जा रहे ऐतिहासिक टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय टीम पहली पारी में 285 रन पर ढेर हो गई और इंग्लैंड ने दिन का खेल खत्म होने तक सस्ते में एक विकेट गंवा दिया है। जानिए कैसा रहा मैच के पहले दिन के खेल का हाल।

Image

हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना (फोटो क्रेडिट BCCI X)

लंदन: 142 साल के इतिहास में लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर शुक्रवार को भारत और इंग्लैंड की महिला टीमों के बीच पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है। इस ऐतिहासिक टेस्ट मैच के पहले दिन टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 74.5 ओवर में 285 रन बनाकर ढेर हो गई। भारत के लिए स्मृति मंधाना ने 83, हरमनप्रीत कौर(58) और दीप्ति शर्मा (57) रन की पारी खेली। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही। मेजबान इंग्लैंड ने 11 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 21 रन बना लिए हैं। इंग्लैंड की टीम 264 रन पीछे है। माया बुचियर 17 और हीथर नाइट 1 रन बनाकर नाबाद हैं। भारत को पहली सफलता क्रांति गौड़ ने टैमी बेमोंट के रूप में दिलाई। वो 2(7) रन बनाकर गौड़ की गेंद पर एलबीडब्लू हो गईं।

शेफाली वर्मा नहीं खोल पाईं खाता

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा दूसरे ओवर में लॉरेन फिलर की गेंद पर खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद दूसरे छोर पर खड़ी स्मृति मंधाना ने टीम को यस्तिका भाटिया के साथ मिलकर संभाला। दोनों स्कोर को 37 रन तक ले गईं। लेकिन लॉरेन बेल ने भाटिया को बोल्ट करके भारत को दूसरा झटका दिया। यस्तिका के आउट होने के बाद मंधाना को जेमिमा रोड्रिग्ज का साथ मिला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। दोनों ने टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया। 101 के स्कोर पर जेमिमा को ईसी वॉन्ग ने बोल्ड कर दिया। जेमिमा 35 रन बना सकीं।

शतक से चूकीं स्मृति मंधाना

101 रन पर तीन विकेट भारतीय टीम ने गंवा दिए थे। ऐसे में उपकप्तान मंधाना का साथ देने कप्तान हरमनप्रीत कौर आईं। इसके बाद मंधाना ने अपना अर्धशतक 50 गेंद में 8 चौके एक छक्के की मदद से पूरा कर लिया। चौथे विकेट के लिए मंधाना और हरमनप्रीत कौर ने अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली और टीम को 190 रन तक टीम को पहुंचा दिया। इसी दौरान हरमनप्रीत कौर ने अपना अर्धशतक 99 गेंद में 6 चौके की मददे से पूरा कर लिया। मंधाना लॉर्ड्स में शतक जड़ने के करीब पहुंच गईं थी लेकिन वॉन्ग ने 45वें ओवर में उनका ये सपना तोड़ दिया। मंधाना लॉर्ड्स में शतक जड़ने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनने का रिकॉर्ड अपने नाम करने से चूक गईं।

285 रन पर ढेर हुई टीम इंडिया

मंधाना के आउट होने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर को दीप्ति शर्मा का साथ मिला। दोनों ने टीम को 200 रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर 58(121) रन बनाकर पवेलियन लौट गई। इसके बाद दीप्ति शर्मा ने एक छोर संभाले रखा और ऋचा घोष(13), स्नेह राणा (13) के साथ मिलकर टीम को 274 रन तक पहुंचा दिया। दीप्ति ने अपना अर्धशतक पूरा किया और 57 रन बनाकर सोफी एक्लेस्टोन का शिकार बनीं। भारतीय टीम 74.5 ओवर में 285 रन बनाकर ढेर हो गई। इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा 3 विकेट सोफी एक्लेस्टोन ने लिए। 2-2 विकेट लॉरेन फिलर, ईसी वॉन्ग और मैडी विलर्स की झोली में गए। एक सफलता लॉरेन बेल को मिली।

Navin Chauhan
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article