क्रिकेट

MS Dhoni: क्या चेन्नई में आखिरी बार दिखे धोनी, संन्यास की अटकलों के बीच मैदान पर CSK फैंस का किया शुक्रिया, देखें तस्वीरें और वीडियो

MS Dhoni: आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स ने चेन्नई स्थित अपने घरेलू मैदान एमए चिदंबरम स्टेडियम में आखिरी मुकाबला खेला। इस मैच में चेन्नई को हैदराबाद की टीम ने मात दी। मैदान दर्शकों से खचाखच भरा था और इसकी बड़ी वजह रही एम एस धोनी के संन्यास की अटकलें। मुकाबले के बाद सीजन में पहली बार धोनी मैदान पर उतरे और दर्शकों का अभिवादन स्वीकार करते नजर आए।

Image

महेंद्र सिंह धोनी (X/AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2026
  • चेन्नई सुपर किंग्स घर में आखिरी मैच हारी
  • मैदान पर धोनी ने दर्शकों का किया शुक्रिया

MS Dhoni, CSK IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में महेंद्र सिंह धोनी की झलक कम ही देखने को मिली। चेन्नई सुपर किंग्स जब आईपीएल 2026 में अपना आखिरी मुकाबला घरेलू मैदान एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेन्नई) में खेलने उतरी तो पूरा ग्राउंड खचाखच भरा था। इसकी वजह सिर्फ सीएसके का सीजन में यहां अंतिम मुकाबला नहीं था बल्कि धोनी के 'आखिरी दीदार' भी एक वजह थी। हालांकि ना खुद धोनी ने और ना टीम के कप्तान ने उनके संन्यास से जुड़ी कोई जानकारी दी। हां, मैच के बाद मैदान पर हर साल की तरह चेन्नई के फैंस का शुक्रिया करने धोनी भी टीम के साथ उतरे।

चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल 2026 में जब अपने घरेलू मैदान पर आखिरी मैच खेलने उतरी तो उसकी प्लेऑफ की उम्मीदें दांव पर थीं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ इस मैच में सीएसके के लिए जीत जरूरी थी, लेकिन हैदराबाद ने चेन्नई के साधारण प्रदर्शन के चलते आसानी से जीत हासिल कर ली। मैच में चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट खोते हुए 180 रनों का स्कोर बनाया था, जिसके जवाब में हैदराबाद की टीम ने आसानी से 19 ओवर में 5 विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली।

मैच के बाद मैदान पर उतरे धोनी, देखिए तस्वीरें और वीडियो

चेन्नई सुपर किंग्स की हार के बाद मेजबान टीम हर साल की परंपरा को निभाते हुए नजर आई और स्थानीय दर्शकों को पूरे सीजन में समर्थन के लिए मैदान का चक्कर लगाकर शुक्रिया कहा। इस दौरान तब मैदान गूंज उठा जब धोनी सीजन में पहली बार किसी मुकाबले के बाद ग्राउंड पर नजर आए। उनकी एक झलक के लिए फैंस के बीच होड़ मची रही।

अब आईपीएल प्लेऑफ में कैसे पहुंचेगी चेन्नई सुपर किंग्स, जानिए समीकरण

चेन्नई सुपर किंग्स को हैदराबाद के खिलाफ मिली हार इस सीजन में उनके अभियान का अंत माना जा सकता है। अभी आईपीएल प्लेऑफ की दौड़ से गणितीय रूप से चेन्नई सुपर किंग्स बाहर नहीं हुई है, लेकिन उनकी संभावनाएं अब तकरीबन खत्म नजर आ रही हैं, क्योंकि प्लेऑफ के लिए 3 टीमें बेंगलुरू, गुजरात और हैदराबाद (RCB, GT, SRH) अब क्वालीफाई कर चुकी हैं और सिर्फ एक टीम की जगह बाकी है। स्थिति इसलिए भी पेचीदा है क्योंकि इस एक जगह के लिए चेन्नई सहित पांच टीमें रेस में हैं। इनमें भी राजस्थान और पंजाब के पास 30 फीसदी से ज्यादा संभावनाएं है कि वे प्लेऑफ में पहुंच सकती हैं।

चेन्नई का आखिरी मैच गुजरात टाइटन्स से गुरूवार को होना है, जो अहमदाबाद में खेला जाएगा। इस मैच को जीतने के बाद भी सीएसके कुल 14 अंक तक पहुंच पाएंगी। वहीं, राजस्थान रॉयल्स के पास अभी दो मुकाबले बचे हुए हैं, जबकि 13 अंकों के साथ चौथे स्थान पर काबिज पंजाब के पास भी एक मैच बचा हुआ है। केकेआर के पास दो मैच बचे हैं और दोनों में जीत दर्ज कर वह 15 अंकों तक पहुंच पाएगी। दिल्ली का भी एक मैच बचा हुआ है। अगर सीएसके को छोड़ बाकी सभी टीमें अपने-अपने मुकाबले हार जाएं तो ही चेन्नई 14 अंक के साथ प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर पाएगी, हालांकि इसके आसार बहुत कम ही नजर आ रहे हैं।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article