चेन्नई: चेन्नई सुपर किंग्स को पांच बार आईपीएल 2025 का खिताब जिताने वाले पूर्व कप्तान एमएस धोनी शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में खेलते नजर आए। लेकिन इसके साथ ही एक ऐसा नजारा चेन्नई के एमए चिदंबर स्टेडियम में दिखाई दिया जो धोनी के तकरीबन 20 साल लंबे क्रिकेट करियर में कभी नहीं हुआ। पहली बार उनके माता-पिता आईपीएल का मैच देखते नजर आए। पिता पान सिंह धोनी और मां देवकी देवी जैसे ही चेपॉक में मैच का लुत्फ उठाने पहुंचे कैमरों की नजर उनकी ओर मुड़ गई। इसके बाद धोनी के आईपीएल से संन्यास को लेकर अटकलें लगने लगीं।
पहली बार बेटे को खेलता देखने पहुंचे माता-पिता
43 वर्षीय धोनी के आईपीएल से संन्यास की अटकलें इसलिए भी लग रही हैं क्योंकि धोनी के क्रिकेट करियर के दौरान पहली बार उनके माता पिता कोई मैच देखने पहुंचे हैं। साथ में उनकी बहन भी हैं। धोनी के टीम इंडिया के लिए रांची में खेले मैचों में भी उनके माता पिता कभी स्टेडियम में दिखाई नहीं दिए। ऐसा ही कमेंट्री कर रहे मोहम्मद कैफ ने भी कहा कि उन्होंने धोनी के माता पिता को पहली बार मैदान पर देखा है। इसे उन्होंने स्पेशल ओकेशन करार देते हुए संभावना जताई कि धोनी हो सकता है कोई बड़ा ऐलान आज कर दें। पत्नी साक्षी और बेटी जीवा भी परिवार के साथ मैच के लुत्फ उठाते दिखे। सीएसके ने उनकी तस्वीर भी साझा की।
धोनी ने दिलाए हैं चेन्नई को पांच आईपीएल खिताब
धोनी आईपीएल में साल 2008 से 2025 तक चेन्नई सुपर किंग्स के लिए लगातार खेल रहे हैं। साल 2015 और 2016 में राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स के सदस्य रहे थे क्योंकि स्पॉट फिक्सिंग मामले के बाद चेन्नई सुपर किंग्स पर दो साल का प्रतिबंध लगाया गया था। धोनी चेन्नई के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले प्लेयर हैं। उनकी कप्तानी में टीम में पांच बार खिताब जीता।
