क्रिकेट

छठ पूजा के दौरान सूर्यकुमार यादव की मां ने श्रेयस अय्यर के जल्द स्वस्थ होने की कामना की, देखिए VIDEO

Suryakumar Yadav's Mother Pray For Shreyas Iyer: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज श्रेयस अय्यर इस समय ऑस्ट्रेलिया में अस्पताल में गंभीर चोट का उपचार करा रहे हैं जो उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के दौरान लगी थी। इसको लेकर छठ पूजा के दौरान भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव की मां ने श्रेयस अय्यर के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

Image

सूर्यकुमार यादव की मां ने श्रेयस अय्यर के लिए प्रार्थना की (AP/X/MuffdalVohra)

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एक तरफ टी20 सीरीज का पहला मैच जारी है, वहीं सिडनी के अस्पताल में श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) तीसरे वनडे में लगी चोट का उपचार करा रहे हैं। इसी बीच भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव की मां को छठ पूजा के दौरान श्रेयस अय्यर के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करते हुए देखा गया।

सूर्यकुमार की बहन द्वारा इंस्टाग्राम पर साझा किए गए भावनात्मक वीडियो पर फैंस ने खूब प्यार लुटाया है। जिसमें अय्यर के प्रति सूर्यकुमार यादव के परिवार की गर्मजोशी और स्नेह की सराहना की गई। इस वीडियो में सूर्यकुमार की मां को यह कहते हुए सुना जा सकता है, "मैं ये बोलना चाहती हूं कि श्रेयस अय्यर के लिए सब लोग प्रार्थना करें कि वो बहुत अच्छे से आ जाएं। क्योंकि मैंने कल सुना कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है, मुझे बिल्कुल अच्छा नहीं लगा।"

श्रेयस अय्यर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान गंभीर चोट लगने के बाद सिडनी के एक अस्पताल में उपचार करा रहे हैं। BCCI ने बताया कि हर्षित राणा की गेंद पर एलेक्स कैरी का मुश्किल रनिंग कैच लेने की कोशिश करने के बाद उनकी तिल्ली में चोट लग गई थी, जिसके कारण आंतरिक रक्तस्राव हो रहा था। हालांकि अय्यर शुरू में फिजियो की मदद से मैदान से बाहर चले गए, लेकिन बाद में उनकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद के स्कैन से पता चला कि उनकी तिल्ली फट गई है और उनकी बाईं निचली पसली में चोट लगी है, जिसके बाद उन्हें गहन चिकित्सा इकाई में निगरानी के लिए ले जाया गया। हालांकि अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं सूर्यकुमार यादव ने भी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि श्रेयस अय्यर उनके टेक्स्ट मैसेज का जवाब भी दे रहे हैं।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article