क्रिकेट

Asia Cup Rising Stars, IND vs UAE: सेमीफाइनल में जगह बनाने उतरेगा भारत, यूएई के खिलाफ गेंदबाजों को अनुशासित रहना होगा

IND-A vs UAE-A, Asia Cup Rising Stars: एशिया कप राइजिंग स्टार्स में इंडिया-ए टीम मंगलवार को जब यूएई-ए टीम के खिलाफ मैदान पर उतरेगी तो उसका लक्ष्य जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाना होगा।

Image

इंडिया-ए बनाम यूएई-ए मैच प्रिव्यू

भारतीय टीम को अगर एशिया कप राइजिंग स्टार्स 50 ओवर क्रिकेट टूर्नामेंट में सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करनी है तो मंगलवार को यहां संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ होने वाले मैच में उसके गेंदबाजों को अनुशासित प्रदर्शन करना होगा। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3.30 बजे शुरू होगा।

भारतीय गेंदबाज रविवार को ग्रुप बी के एक मैच में पाकिस्तान ए के बल्लेबाजों पर प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। पाकिस्तान ने इसका फायदा उठाकर 313 रन का मजबूत स्कोर बनाया। पाकिस्तान ने पांच विकेट खोने के बावजूद अंतिम 11 ओवरों में 83 रन बनाए, जो आखिर में निर्णायक साबित हुए क्योंकि भारत ए यह मैच 48 रन से हार गया था।

यूएई की टीम भले ही पाकिस्तान की तरह मजबूत नहीं है लेकिन उसे हल्के से नहीं लिया जा सकता। यूएई ने पाकिस्तान के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करके उसकी टीम को 245 रन पर आउट कर दिया था और इसके बाद 184 रन बनाए थे। इससे उसने दिखा दिया था कि वह मजबूत टीमों के खिलाफ भी अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। इसलिए भारत को सतर्क रहना होगा।

गेंदबाजों को उस तरह का प्रदर्शन करना होगा जैसा कि उन्होंने नेपाल के खिलाफ किया था। भारत ने उस मैच में नेपाल को केवल 26 रन पर आउट कर दिया था। लेकिन भारतीय गेंदबाज पाकिस्तान के खिलाफ अपनी उस आक्रामकता को दोहराने में नाकाम रहे। इस मैच में कामचलाऊ गेंदबाज आयुष बडोनी ने हर्षित राणा, प्रिंस यादव और शाहबाज अहमद जैसे नियमित गेंदबाजों से बेहतर प्रदर्शन किया। यूएई के खिलाफ जीत मिलने से भारत के तीन मैच में चार अंक हो जाएंगे और वह सेमीफाइनल में जगह बना लेगा।

भारत की युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। उन्होंने नेपाल के खिलाफ 26 और पाकिस्तान के खिलाफ 11 रन बनाए। उनके सलामी जोड़ीदार अभिषेक शर्मा ने हालांकि अच्छा खेल दिखाया है। भारत इन दोनों से अच्छी शुरुआत की उम्मीद कर रहा होगा।

भारत के लिए अच्छी शुरुआत इसलिए महत्वपूर्ण है कि अगर उन्हें दूसरी पारी में बल्लेबाजी करनी पड़े तो पिच से गेंदबाजों को मदद मिलती है। भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मैच में यह बात स्पष्ट हो गई, जब कप्तान तिलक वर्मा शतक बनाने के बावजूद रन गति बढ़ाने के लिए संघर्ष करते नजर आए।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं

भारत ए: तिलक वर्मा (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, रिंकू सिंह, अभिषेक शर्मा, सूर्यांश शेडगे, आयुष बडोनी, शाहबाज अहमद, विराज निगम, हर्ष दुबे, तनुष कोटियन, अरशद खान, प्रभसिमरन सिंह, कुमार कुशाग्र, हर्षित राणा और प्रिंस यादव।

यूएई: बासिल हमीद (कप्तान), आफताब आलम, अंश टंडन, अर्यांश शर्मा, अयान मिस्बाह, अवैस अली शाह, एथन डिसूजा, इबरार अहमद, मुहम्मद मोहसिन, मुहम्मद शाहदाद, नूरुल्लाह अयोबी, ओमिद रहमान, सोहैब खान, उदीश सूरी और जाहिद अली।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article