क्रिकेट

IND vs NZ: 'जडेजा की फॉर्म चिंता का...', भारतीय तेज गेंदबाज का बड़ा बयान, निर्णायक मुकाबले से पहले कही यह बात

इंदौर में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले सीरीज के निर्णायक मुकाबले में दोनों टीमें जीत दर्ज करने उतरेंगी। आखिरी मुकाबले से पहले रविंद्र जडेजा की फॉर्म को लेकर कई सवाल उठे। इस तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने बड़ा बयान दिया।

Jadeja

रविंद्र जडेजा की फॉर्म चिंता का विषय। फोटो- एपी

इंदौर। भारत और न्यूजीलैंड के बीच निर्णायक मुकाबला इंदौर में रविवार को खेला जाएगा। सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर खड़ी है। मैच से पहले रविंद्र जडेजा की फॉर्म पर कई सवाल उठे। मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेस में एक भारतीय तेज गेंदबाज ने रविंद्र जडेजा कि फॉर्म पर बड़ा बयान दिया।

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने सीनियर ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा का समर्थन करते हुए शनिवार को कहा कि वह जल्द ही अपनी लय हासिल कर लेंगे। रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले तीसरे और अंतिम एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में बाएं हाथ के स्पिनर को अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में लौटने के लिए केवल एक विकेट की जरूरत होगी।

'जडेजा की फॉर्म चिंता का'

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले दो वनडे मैचों में जडेजा विकेट लेने में नाकाम रहे थे। इससे पहले वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैच की सीरीज में भी केवल एक विकेट ले पाए थे। सिराज ने मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से कहा, 'मुझे नहीं लगता कि जडेजा की फॉर्म किसी तरह से भी चिंता का विषय है। यह केवल एक विकेट की बात है। एक बार वह विकेट मिल जाए तो आपको एक बिल्कुल अलग तरह का गेंदबाज देखने को मिलेगा।'

'हमने अच्छा प्रदर्शन किया'

सिराज ने कहा कि दोनों वनडे में दबाव में होने के बावजूद गेंदबाजी इकाई ने अच्छा प्रदर्शन किया। दूसरे वनडे में कुछ मौके गंवाए जिससे न्यूजीलैंड तीन मैच की सीरीज बराबर करने में सफल रहा। उन्होंने कहा, 'हमने दोनों मैचों में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। पहले वनडे में हमारी गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों ही शानदार रहीं। दूसरे मैच में शुरुआती विकेट गिरने के बावजूद केएल राहुल ने अच्छी बल्लेबाजी की और नितीश रेड्डी ने भी योगदान दिया।'

तीन मैच की सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला इंदौर में खेला जाएगा। पहला मैच वडोदरा में खेला गया था, जहां भारतीय टीम ने जीत दर्ज की थी। दूसरा वनडे मैच राजकोट में खेला गया। मेहमान टीम न्यूजीलैंड ने वापसी करते हुए भारत को मात दी। अब निर्णायक मुकाबले में दोनों टीमें सीरीज पर कब्जा जमाने के लिए उतरेंगी।

(भाषा)

उमेश कुमार
उमेश कुमार author

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से... और देखें

End of Article