क्रिकेट

Mohammad Shami 200 Wickets: मोहम्मद शमी ने रचा इतिहास, वनडे में पूरा किया विकेटों का दूसरा सबसे तेज दोहरा शतक

मोहम्मद शमी ने बांग्लादेश के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के पहले मुकाबले में जाकिर अली का विकेट चटकाते ही वनडे क्रिकेट इतिहास में दूसरे सबसे तेज गति से 200 विकेट चटकाने वाले गेंदबाज बन गए।

Image

मोहम्मद शमी

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • वनडे में मोहम्मद शमी ने पूरे किए 200 विकेट
  • बने 200 विकेट चटकाने वाले आठवें भारतीय
  • बने दुनिया में दूसरे सबसे तेज 200 विकेट पूरे करने वाले बॉलर

दुबई: मोहम्मद शमी ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले मुकाबले में बांग्लादेश के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। टॉस हारने के बाद मैच में पहले गेंदबाजी करने उतरी टीम इंडिया को शमी ने अच्छी शुरुआत दिलाई। शमी ने पहले ही ओवर की आखिरी गेंद पर सौम्य सरकार को विकेट के पीछे केएल राहुल के हाथों कैच कराकर चलता कर दिया। इसके बाद शमी ने पारी के सातवें ओवर की दूसरी गेंद पर मेहदी हसन मिराज को स्लिप में कैच करा दिया। शुभमन गिल ने शानदार कैच लपक लिया। इसके बाद शमी को अपने तीसरे विकेट के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। शमी ने जैसे ही 43वें ओवर की चौथी गेंद पर जाकिर अली को विराट कोहली के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेजा। वो वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज गति से 200 विकेट चटकाने वाले सबसे तेज भारतीय और दुनिया के दूसरे सबसे तेज गेंदबाज बन गए।

दुनिया में दूसरे सबसे तेज चटकाए 200 विकेट

वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज गति से 200 विकेट पूरे करने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ पेसर मिचेल स्टार्क के नाम दर्ज है। स्टार्क ने 102 पारियों में ये मुकाम हासिल किया था। शमी ने 104 पारियों में अपनो दो सौ विकेट पूरे किए। वो पाकिस्तान के पूर्व धाकड़ स्पिनर सकलैन मुश्ताक के साथ साझा रूप से इस सूची में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। सकलैन ने भी 104 पारियों में अपने 200 विकेट एकदिवसीय क्रिकेट में पूरे किए थे।

सबसे तेज 200 विकेट चटकाने वाले भारतीय, तोड़ा आगरकर का रिकॉर्ड

शमी वनडे क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 200 विकेट पूरे करने वाले भारतीय भी बन गए हैं। उनसे पहले ये रिकॉर्ड मौजूदा मुख्य चयनकर्ता अजीत आगरकर के नाम दर्ज था। आगरकर ने करियर के 133वें मैच ये उपलब्धि हासिल की थी। शमी को इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 104 मैच खेलने पड़े। शमी वनडे क्रिकेट में 200 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले आठवें गेंदबाज हैं। उनसे पहले अनिल कुंबले, जवागल श्रीनाथ, अजीत आगरकर, जहीर खान, हरभजन सिंह, कपिल देव और रवींद्र जडेजा इस मुकाम पर पहुंच चुके हैं।

छठी बार वनडे में मारा पंजा

मोहम्मद शमी ने बांग्लादेश के खिलाफ 10 ओवर में 53 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। शमी ने छठी बार वनडे करियर में पंजा मारा है जिसमें से पांच बार उन्होंने ये कारनामा आईसीसी इवेंट्स में किया है। 14 महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने के बाद शमी के लिए ये सबसे सुखद पल रहा।

आईसीसी इवेंट्स में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय

मोहम्मद शमी ने बांग्लादेश के खिलाफ पांच विकेट लेते ही आईसीसी इवेंट्स में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले भारतीय बन गए। शमी ने इस मामले में जहीर खान को पीछे छोड़ा। जहीर ने भारत के लिए आईसीसी इवेंट्स में 59 विकेट चटकाए थे। शमी के खाते में बांग्लादेश के खिलाफ पांच विकेट चटकाते ही 60 विकेट दर्ज हो गए हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article