क्रिकेट

मोहम्मद अजहरुद्दीन ने शुभमन गिल को दी दूसरे टेस्ट में इस खिलाड़ी को खिलाने की सलाह

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने शुभमन गिल को बर्मिंघम में खेले जाने वाले सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच के लिए प्लेइंग-11 में इस गेंदबाज को शामिल करने की सलाह दी है।

Image

शुभमन गिल

Photo : AP

हैदराबाद: पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने कहा कि भारत को अपने गेंदबाजी आक्रमण में अधिक अनुभव जोड़ने और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पर बोझ कम करने के लिए इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट में बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को खिलाना चाहिए। लीड्स में पहले टेस्ट में भारतीय टीम पांच विकेट से हार गई जिसमें मेहमान टीम विकेटों के लिए बुमराह पर बहुत अधिक निर्भर थी। अजहरुद्दीन ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा,'वे बुमराह पर बहुत अधिक निर्भर हैं। यह आसान नहीं है क्योंकि आपको अधिक अनुभवी गेंदबाजों की जरूरत है और उन्हें कुलदीप यादव को खिलाना चाहिए।'

कुलदीप को मिल सकती है पिच से मदद

अब भारतीय टीम दो जुलाई से बर्मिंघम में दूसरे टेस्ट में खेलेगी जिसमें पिच सूखी रहने की उम्मीद है जिससे कुलदीप को कुछ मदद मिल सकती है। भारत ने कप्तान शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल और ऋषभ पंत के शतकों की मदद से पहली पारी में 471 रन का अच्छा स्कोर बनाया था। केएल राहुल और पंत के शतकों की मदद से उन्होंने दूसरी पारी में 364 रन बनाए। लेकिन दोनों ही पारियों में मध्य और अंतिम क्रम के बल्लेबाजों के विफल होने के कारण मेहमान टीम मजबूत स्कोर या लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी।

अजहरुद्दीन ने टीम संयोजन को सही रखने की बात की ताकि टीम को लीड्स की हार से बाहर निकाला जा सके। उन्होंने कहा,'हम बल्लेबाजी के विफल होने के कारण हारे, लेकिन अब उन्हें सही खिलाड़ियों को चुनना होगा और गेंदबाजी भी सही होनी चाहिए।'

गिल को मिलना चाहिए खुद को साबित करने के लिए समय

अजहरुद्दीन (62 वर्ष) ने नए टेस्ट कप्तान गिल का बचाव करते हुए कहा कि उन्हें अपनी क्षमता साबित करने के लिए पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा,'यह कप्तान के तौर पर उनका पहला मैच है। आप कप्तानी के बारे में बात नहीं कर सकते। कप्तानी के बारे में बात करना अभी जल्दबाजी होगी।' भारत को कप्तान के तौर पर 47 टेस्ट में से 14 जीत दिलाने वाले अजहरुद्दीन ने कहा, 'हमें उन्हें उचित मौका देना चाहिए और उन्होंने अभी अभी कमान संभाली है। इसलिए आपको उन्हें काफी समय और समर्थन देना चाहिए। हम सिर्फ खिलाड़ियों की शिकायत और आलोचना नहीं कर सकते।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article