आईपीएल के 57वें मैच में मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में मुंबई इंडियंस का सामना प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर काबिज टीम गुजरात से होगा। इस मैच में जीत जहां गुजरात की प्लेऑफ में जगह पक्की कर देगा वहीं मुंबई इंडियंस की राह भी आसान हो जाएगी। पिछले मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 6 विकेट से हराया था। मुंबई ने 200 रन से ज्यादा के लक्ष्य को 17वें ओवर में हासिल कर एक नया रिकॉर्ड भी बनाया था। ऐसे में गुजरात के खिलाफ मुंबई का पलड़ा भारी है।
दूसरी तरफ गुजरात टाइटंस की बात करें तो वह लगातार दो मुकाबला जीत कर यहां पहुंची है और टीम बेहद संतुलित नजर आ रही है। टॉप ऑर्डर में जहां रिद्दिमान साहा और शुभमन गिल रन बना रहे हैं तो वहीं मध्यक्रम में डेविड मिलर और युवा अभिनव मनोहर जैसे बल्लेबाज अच्छी लय में हैं। इस सीजन में पहली बार जब दोनों टीम भिड़ी थी तो गुजरात ने मुंबई को 55 रन से हराया था। मुंबई के पास उस हार का बदला लेने का सुनहरा मौका है।
मिलर और अभिनव की आतिशी पारी
नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 207 रन बनाए थे। गुजरात की तरफ से शुभमन गिल ने सर्वाधिक 56 रन की पारी खेली थी। बाद में अभिनव मनोहर ने 21 गेंद में 42 और डेविड मिलर ने 22 गेंद में 46 रन की पारी खेली थी।
152 रन ही बना सकी थी मुंबई
208 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 152 रन ही बना सकी थी और गुजरात ने यह मैच 55 रन से जीत लिया था। गुजरात की तरफ से नूर अहमद ने 3 जबकि राशिद खान और मोहित शर्मा ने 2-2 विकेट चटकाए थे। इस बार मुंबई के पास इस हार का बदला लेने का मौका है।
