क्रिकेट

हरमनप्रीत कौर के बाद मेग लैनिंग ने किया कमाल, WPL में ऐसा करने वाली बनीं तीसरी बल्लेबाज

Meg Lanning WPL Run: डॉ. डीवाई पाटिल स्टेडियम में लैनिंग ने कैपिटल्स के खिलाफ 38 गेंदों का सामना किया, जिसमें 1 छक्का और 9 चौके के साथ 54 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने फोएबे लिचफील्ड के साथ 47 रन, जबकि हरलीन देओल के साथ 85 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 154/8 के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

Image

मेग लैनिंग ने हासिल की बड़ी उपलब्धि। फोटो- WPL

नवी मुंबई। यूपी वॉरियर्स की कप्तान मेग लैनिंग ने बुधवार को विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के सातवें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 54 रन की पारी खेली। इसी के साथ लैनिंग इस लीग में 1000 रन का आंकड़ा छूने वाली तीसरी क्रिकेटर बन गई हैं।

डॉ. डीवाई पाटिल स्टेडियम में लैनिंग ने कैपिटल्स के खिलाफ 38 गेंदों का सामना किया, जिसमें 1 छक्का और 9 चौके लगाए। इस दौरान उन्होंने फोएबे लिचफील्ड के साथ 47 रन, जबकि हरलीन देओल के साथ 85 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 154/8 के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

एलीट ग्रुप में बनाई जगह

इस उपलब्धि के साथ ऑस्ट्रेलिया की पूर्व क्रिकेटर लैनिंग, इंग्लैंड की नैट साइवर-ब्रंट और भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ एक एलीट ग्रुप का हिस्सा बन गई हैं। इन तीनों खिलाड़ियों ने डब्ल्यूपीएल में अपना प्रभाव छोड़ा है।

शेफाली वर्मा भी करीब

डब्ल्यूपीएल में 1,050 रन के साथ मेग लैनिंग लीग की टॉप स्कोरर की सूची में दूसरे पायदान पर पहुंच गई हैं। उनसे ऊपर सिर्फ साइवर-ब्रंट (1,101) हैं। वहीं, तीसरे पायदान पर मौजूद हरमनप्रीत कौर ने अब तक 1,016 रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी (972) और भारत की शेफाली वर्मा (887) टॉप-5 में शामिल हैं।

मेग लैनिंग ने डब्ल्यूपीएल के 2022/23 सीजन में 345 रन बनाए थे। इसके बाद उन्होंने अगले दो सीजन में 331 रन और 276 रन बनाए। इसके बाद उन्हें दिल्ली

कैपिटल्स ने रिलीज कर दिया। इसके बाद उन्हें यूपी वॉरियर्स ने अपने साथ जोड़कर मौजूदा सीजन के लिए टीम का कप्तान नियुक्त किया।

(आईएएनएस)

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article