ऑटो न्यूज़

Toyota Innova Crysta Limo Edition लॉन्च, कीमत 19.95 लाख रुपये से शुरू

टोयोटा ने अपने भारतीय ग्राहकों के लिए Innova Crysta Limo Edition लॉन्च किया है। यह एडिशन GX-SLF ग्रेड पर आधारित है और दो सीटिंग कॉन्फिगरेशन में लाया गया है।

Image

Toyota ने लॉन्च किया Innova Crysta Limo Edition

टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने भारतीय बाजार में Innova Crysta Limo Edition लॉन्च किया है। कंपनी ने इस नए एडिशन को खासतौर पर फ्लीट और कमर्शियल मोबिलिटी सेगमेंट के ग्राहकों को ध्यान में रखकर पेश किया है। इसके जरिए टोयोटा ने कमर्शियल इस्तेमाल के लिए इनोवा क्रिस्टा की एक अलग पहचान बनाने की कोशिश की है। यह एडिशन GX-SLF ग्रेड पर आधारित है और दो सीटिंग कॉन्फिगरेशन में उपलब्ध होगा।

दो वेरिएंट में हुई लॉन्च

Toyota Innova Crysta Limo Edition को दो वेरिएंट में उतारा गया है। इसमें LIMO GX Fleet 7S और GX Fleet 8S शामिल हैं। कंपनी ने इनकी कीमत क्रमशः 19.95 लाख रुपये और 19.99 लाख रुपये रखी है। दोनों वेरिएंट में ग्राहकों को अपनी जरूरत के हिसाब से सीटिंग कॉन्फिगरेशन चुनने का विकल्प मिलेगा। यह खास एडिशन मुख्य रूप से टैक्सी ऑपरेटरों, ट्रैवल कंपनियों और अन्य कमर्शियल मोबिलिटी सेवाओं के लिए पेश किया गया है।

2.4 लीटर डीजल इंजन से लैस

इनोवा क्रिस्टा Limo Edition में 2.4-लीटर डीजल इंजन दिया गया है। यह इंजन मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आता है। कंपनी के मुताबिक, यह इंजन बेहतर लो-एंड परफॉर्मेंस और स्मूद ड्राइविंग एक्सपीरियंस देने में सक्षम है। लंबी दूरी की यात्रा के दौरान भी इसकी राइड क्वालिटी को आरामदायक बनाया गया है। इसमें कम्फर्टेबल कैप्टन सीट्स भी मिलती हैं, जो यात्रियों के सफर को ज्यादा सुविधाजनक बनाती हैं।

मिलते हैं कई सेफ्टी फीचर्स

Toyota Innova Crysta कुल चार वेरिएंट GX, GX+, VX और ZX में उपलब्ध है। इसके केबिन में पर्याप्त हेडरूम और लेगरूम के साथ सभी रो में बेहतर एयर कंडीशनिंग की सुविधा मिलती है। इसमें टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, स्मार्टफोन कनेक्टिविटी और स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल्स दिए गए हैं। सेफ्टी के लिए इसमें सात एयरबैग, ABS, व्हीकल स्टेबिलिटी कंट्रोल, हिल स्टार्ट असिस्ट, इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकफोर्स डिस्ट्रीब्यूशन और ब्रेक असिस्ट जैसे फीचर्स मिलते हैं।

7 साल तक की फाइनेंस सुविधा

टोयोटा ग्राहकों को इस एमपीवी के साथ कई ओनरशिप सुविधाएं भी दे रही है। इसमें 7 साल तक के फ्लेक्सिबल फाइनेंस विकल्प, कम EMI प्लान और Toyota Smart Finance शामिल हैं। इसके अलावा एक्सप्रेस मेंटेनेंस सर्विस और 24x7 रोडसाइड असिस्टेंस भी मिलता है। गाड़ी पर 3 साल या 1 लाख किलोमीटर की स्टैंडर्ड वारंटी दी गई है, जिसे 5 साल या 2.20 लाख किलोमीटर तक बढ़ाया जा सकता है। इससे कमर्शियल ग्राहकों को वाहन के रखरखाव और लंबे समय तक इस्तेमाल में मदद मिलेगी।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article