क्रिकेट

IPL 2025: हार्दिक पांड्या को लेकर मार्क बाउचर ने की बड़ी भविष्यवाणी

IPL 2025: आईपीएल 2025 से पहले मुंबई इंडियंस को लेकर पूर्व कोच मार्क बाउचर ने बड़ी भविष्यवाणी की है। मुंबई इंडियंस ने पिछले साल रोहित शर्मा की जगह हार्दिक को कप्तान नियुक्त किया था। परिणाम भी मुंबई इंडियंस के अनुकूल नहीं रहे और उसकी टीम अंतिम स्थान पर रही।

Image

हार्दिक पांड्या (साभार-X)

IPL 2025: मुंबई इंडियंस के पूर्व कोच मार्क बाउचर का मानना है कि आईपीएल के पिछले सत्र में मुश्किल दौर से गुजरने के बाद हार्दिक पंड्या अधिक मजबूत खिलाड़ी बने हैं और इस टूर्नामेंट के शनिवार से शुरू होने वाले नए सत्र में वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल रहेंगे। मुंबई इंडियंस ने पिछले साल रोहित शर्मा की जगह हार्दिक को कप्तान नियुक्त किया था। मुंबई के समर्थकों को यह फैसला नागवार गुजरा और उन्होंने प्रत्येक मैच में हार्दिक को अपने निशाने पर रखा। परिणाम भी मुंबई इंडियंस के अनुकूल नहीं रहे और उसकी टीम अंतिम स्थान पर रही।

इसके बाद हालांकि चीजें तेजी से बदली और हार्दिक ने भारत की टी20 विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अब वह क्रिकेट प्रेमियों के चहेते बन गए हैं। हार्दिक को जब पिछले सत्र में मुंबई इंडियंस का कप्तान नियुक्त किया गया तब बाउचर उसके मुख्य कोच थे। बाउचर ने ‘जिओ स्टार एक्सपर्ट’ में कहा, ‘‘पिछला सत्र वास्तव में उसके लिए बेहद मुश्किल रहा। वह जब भी मैदान पर कदम रखता दर्शक उसकी हूटिंग करने लग जाते। उसके साथ ऐसा व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए था। वह 100 प्रतिशत सम्मान का हकदार था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कोई भी क्रिकेटर नहीं चाहता कि उसके साथ इस तरह का व्यवहार हो लेकिन वह बेहद मजबूत इंसान है। उसने इन सब चीजों को पीछे छोड़कर सफलता हासिल की और अब वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार है।’’ भारत और मुंबई इंडियंस के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने भी हार्दिक की जमकर प्रशंसा की और कहा कि खुद पर भरोसा और सकारात्मक रवैया उन्हें अन्य खिलाड़ियों से अलग बनाता है।

हरभजन ने कहा, ‘‘वह बहुत आत्मविश्वास वाला खिलाड़ी है। उसका रवैया बेहद सकारात्मक है। उसे इस बात पर बहुत भरोसा है कि वह कुछ भी कर सकता है। यह ऐसी चीज है जो उसे अन्य से अलग बनाती है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ यह देखकर वास्तव में अच्छा लगा कि वह पिछले साल के मुश्किल दौर से आगे निकलने में सफल रहा। इस साल वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगा। सभी खराब चीजें अतीत की बातें हैं। यह उसके लिए एक नया साल है।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article