क्रिकेट

IPL 2025: 'उनका जादू खत्म हो रहा है..' पूर्व क्रिकेटर ने धोनी को दी आईपीएल से संन्यास लेने की सलाह

Manoj Tiwari on MS Dhoni Retirement: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी और आईपीएल के सबसे सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं और उनका बल्ला खामोश नजर आ रहा है। ऐसे में पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने उन्हें संन्यास लेने की हिदायत दी है।

Image

धोनी (AP)

Manoj Tiwari on MS Dhoni Retirement: पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी ने महेंद्र सिंह धोनी पर बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि धोनी को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ IPL 2023 का खिताब जीतने के बाद ही संन्यास ले लेना चाहिए था। तिवारी का मानना है कि अब धोनी धीरे-धीरे अपने प्रशंसकों का सम्मान खो रहे हैं। मनोज तिवारी के मुताबिक धोनी की वो चमक और उनका जादू अब खत्म हो गया है।

इस सीजन में धोनी का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर रहा है। CSK की टीम भी लगातार हार का सामना कर रही है। अब तक खेले गए 4 मैचों में धोनी ने 76 रन बनाए हैं, लेकिन उनकी बल्लेबाजी की स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

"प्रशंसकों का भरोसा टूट रहा है"

मनोज तिवारी ने Cricbuzz से बातचीत में कहा, "मुझे लगता है कि 2023 में IPL जीतने के बाद उनके लिए संन्यास लेने का सही समय था। उन्होंने वहीं रुक जाना चाहिए था। पिछले दो सालों से उनका जिस तरह से प्रदर्शन रहा है, उससे लगता है कि उन्होंने क्रिकेट से जो नाम, शोहरत और सम्मान कमाया था, वह धीरे-धीरे कम हो रहा है।"

उन्होंने आगे कहा, "प्रशंसक उन्हें इस तरह देखने को सहन नहीं कर पा रहे हैं। उनमें वह चमक नहीं रह गई है। CSK और चेन्नई के प्रशंसकों के दिलों में जो भरोसा था, वह पिछले मैच के बाद टूटता दिख रहा है। लोग सड़कों पर नारेबाजी कर रहे हैं और उनके खिलाफ बयान दे रहे हैं। यह एक संकेत है कि अब कुछ काम नहीं कर रहा।"

"टीम के हित में नहीं लिए जा रहे फैसले"

तिवारी ने CSK के कोच स्टीफन फ्लेमिंग के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने कहा था कि धोनी 10 ओवर से ज्यादा बल्लेबाजी नहीं कर सकते। तिवारी का मानना है कि यह फैसला टीम के हित में नहीं है।"अगर आप 20 ओवर तक विकेटकीपिंग कर सकते हैं, जहाँ आपको उठना, बैठना, डाइव मारना पड़ता है, तो घुटनों में दर्द का बहाना कैसे बन सकता है? लेकिन जब टीम को आपकी जरूरत होती है, तब आप सिर्फ 10 ओवर खेलने की बात करते हैं? यह सही नहीं है।"

उन्होंने आगे कहा कि "मेरी राय में, टीम के हित में फैसले नहीं लिए जा रहे हैं। किसी को आगे आकर मैनेजमेंट को यह समझाना चाहिए कि अगर अब कुछ नहीं हो रहा, तो इसे छोड़ देना चाहिए।"

CSK का अगला मैच पंजाब किंग्स के खिलाफ

चेन्नई सुपर किंग्स का अगला मुकाबला 8 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ होगा। क्या धोनी इस मैच में बेहतर प्रदर्शन करके अपने प्रशंसकों का विश्वास वापस जीत पाएंगे? या फिर उनके करियर का अंत नजदीक है? फैंस और विशेषज्ञों की नजरें इस मैच पर टिकी हुई हैं।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!