क्रिकेट

ट्रक ड्राइवर का बेटा IPL 2026 के लिए तैयार, किस टीम ने मंगेश यादव को कितने में खरीदा

Who Is Mangesh Yadav In IPL 2026: आईपीएल 2026 में फैंस को कई तरह के खिलाड़ी दिखने वाले हैं, कुछ अनुभवी होंगे तो कुछ नए। इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें संस्करण के लिए हुई खिलाड़ियों की नीलामी में मौजूदा चैंपियन टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) ने भी कुछ नए चेहरों को टीम में शामिल किया है, जिनमें से एक हैं मंगेश यादव। कौन हैं मंगेश यादव, आइए यहां जानते हैं।

Image

ट्रक ड्राइवर के बेटे मंगेश यादव ने पूरा किया IPL का सपना (Instagram/MangeshYadav)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2026 (इंडियन प्रीमियर लीग-19)
  • कौन हैं मंगेश यादव?
  • ट्रक ड्राइवर का बेटा पूरा करने जा रहा है सपना

IPL 2026, Who Is Mangesh Yadav: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद (RCB vs SRH) मैच के साथ होने जा रही है। इस मैच पर सभी की निगाहें रहेंगी और खासतौर पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की जो हाल ही में नए ओनर्स के हाथों में गई है। आईपीएल 2026 के लिए हुई खिलाड़ियों की नीलामी में आरसीबी ने 8 खिलाड़ियों को खरीदकर अपनी टीम पूरी की, लेकिन उसमें सबसे अनजान और चौंकाने वाला नाम मंगेश यादव का था। आखिर कौन हैं मंगेश यादव।

RCB ने कितने में खरीदाः मंगेश यादव आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलरू के लिए खेलने वाले हैं। वो 30 लाख रुपये के बेस प्राइज के साथ नीलामी में उतरे थे। उन्हें टीमों ने हाथों हाथ लिया और कई टीमों के बीच उन्हें अपनी टीम में शामिल करने के लिए होड़ लग गई। सिर्फ 23 साल के मंगेश यादव को अपनी टीम में शामिल करने के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bengaluru) और सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। आखिर में मौजूदा चैंपियन आरसीबी ने बोली जीत ली और मंगेश यादव को उनके बेस प्राइज 30 लाख रुपये से 14 गुना ज्यादा कीमत में खरीदा। आरसीबी ने मंगेश यादव को 5 करोड़ 20 लाख रुपये की कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया है।

कहां के रहने वाले हैं मंगेश यादव, क्यों प्लेइंग-11 में शामिल हो सकते हैं?

मंगेश यादव का जन्म उत्तर प्रदेश के मऊ में हुआ था और वो मध्यप्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट में खेलते हैं। मंगेश यादव को आरसीबी की टीम में बांए हाथ के तेज गेंदबाज यश दयाल के बैकअप के रूप में टीम में जगह मिली है। यश दयाल की उपलब्धता को लेकर संशय बना हुआ था और अब यश आईपीएल 2026 से बाहर भी हो गए हैं, ऐसे में मंगेश की प्लेइंग 11 में खेलने की संभावना और भी बढ़ चुकी हैं।

पिता हैं ट्रक ड्राइवर, काफी संघर्ष के बाद मिला मुकाम

मंगेश यादव के पिता राम अवध यादव एक ट्रक ड्राइवर हैं और उन्होंने अपने परिवार के लिए बहुत संघर्ष किया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक मंगेश यादव के पिता ने अपने बेटे के क्रिकेट करियर को उड़ान देने के लिए और व्यवस्थाएं करने के लिए लोन भी लिया ताकि उसकी हर जरूरत को पूरा किया जा सके। इस दौरान मंगेश ने भी अपना सपना पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश से जगह-जगह सफर किया और मेहनत के दम पर इस मुकाम तक पहुंचे कि अब वो आईपीएल जैसे बड़े मंच में खेलने वाले हैं।

अब तक कैसा रहा है मंगेश यादव का करियर

मंगेश यादव का करियर काफी धीमी रफ्तार से आगे बढ़ा। उन्होंने ग्वालियर में आयोजित एमपीटी20 लीग 2025 में ग्वालियर चीता के लिए खेलते हुए गेंदबाजी से धमाल मचाया था। उन्होंने उस टूर्नामेंट के 6 मैचों में 12 के औसत और 8 की इकोनॉमी से 14 विकेट अपने नाम किए थे। तीन बार उन्होंने पारी में 4 या उससे ज्यादा विकेट हासिल किए थे। मंगेश यादव ने मध्यप्रदेश की अंडर-23 वनडे ट्रॉफी में 8 मैचों में 5.27 के इकॉनमी रेट से 18 विकेट अपनी झटके थे। इसमें पारी में 5 विकेट लेने का कमाल भी किया था।

दिनेश कार्तिक की नजर पड़ी और किस्मत चमकी

मंगेश यादव ने आईपीएल नीलामी से ठीक पहले झारखंड के खिलाफ मध्य प्रदेश के लिए टी20 क्रिकेट में डेब्यू किया। पहले ही मैच में उन्होंने 47 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। इसके बाद पंजाब के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने 2 विकेट 38 रन देकर लिए। उन पर दिनेश कार्तिक की नजर पड़ चुकी थी और यही वजह रही कि आईपीएल नीलामी में उनके लिए इतनी बड़ी बोली लगाई गई। वैसे, गेंदबाजी के अलावा वो अच्छी बल्लेबाजी करने में भी सक्षम हैं और इसलिए आरसीबी उन्हें आईपीएल 2026 में जल्द ही मैदान पर उतरने का मौका दे सकती है।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article