क्रिकेट

सारांश जैन की घातक गेंदबाजी, मध्य प्रदेश ने बिहार को दो दिन के अंदर पारी और 174 रन से हराया

मध्य प्रदेश ने दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 261 रन से की और पहली पारी आठ विकेट पर 407 रन बनाकर घोषित कर दी। युवा बल्लेबाज सक्षम पुरोहित और कप्तान रजत पाटीदार ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद बिहार की दूसरी पारी 134 रन पर सिमट गयी।

Image

सारांश जैन की घातक गेंदबाजी। फाइल फोटो BCCI

इंदौर। भारतीय ऑफ स्पिनर सारांश जैन (13 विकेट) के करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के दम पर मध्य प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप ए मुकाबले में मंगलवार को खेल के दूसरे दिन ही बिहार को पारी और 174 रन से करारी शिकस्त दी। पहली पारी में 14 रन देकर सात विकेट लेने वाले 33 वर्षीय जैन ने दूसरी पारी में 49 रन देकर छह विकेट हासिल किए। इस तरह उन्होंने मैच में कुल 89 रन देकर 13 विकेट अपने नाम किए। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 71 रन देकर 9 विकेट था।

मध्य प्रदेश ने दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 261 रन से की और पहली पारी आठ विकेट पर 407 रन बनाकर घोषित कर दी। युवा बल्लेबाज सक्षम पुरोहित और कप्तान रजत पाटीदार ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद बिहार की दूसरी पारी 134 रन पर सिमट गयी।

सक्षम पुरोहित का शानदार शतक

रणजी ट्रॉफी में डेब्यू कर रहे 20 वर्षीय पुरोहित ने पिछले दिन के अपने नाबाद 113 रन के स्कोर में 19 रन और जोड़े। वह 132 रन बनाकर बाएं हाथ के स्पिनर आदित्य राज की गेंद पर बोल्ड हुए। पाटीदार ने शानदार लय जारी रखते हुए 133 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 109 रन बनाए। इस सत्र में रणजी ट्रॉफी में यह उनका लगातार दूसरा शतक है।

पहली पारी में महज 99 पर आउट हुई बिहार की टीम के लिए दूसरी पारी में आयुष लोहारुका ने 66 गेंद पर नाबाद 76 रन का योगदान दिया, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें सहयोग नहीं मिला। बिहार के नौ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके जिससे टीम 134 रन पर आउट हो गयी।

ग्रुप के अन्य मुकाबले

ग्रुप के अन्य मुकाबले में बड़ौदा ने युवा बल्लेबाज प्रियांशु मोलिया की नाबाद 321 रन के दम पर गत चैंपियन जम्मू-कश्मीर के खिलाफ पहली पारी में 616 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इक्कीस वर्षीय प्रियांशु ने 492 गेंदों का सामना करते हुए 36 चौके और एक छक्का लगाया। वह लगातार दूसरे दिन क्रीज पर डटे रहे और पिछले दिन के नाबाद 113 रन के स्कोर से आगे बढ़ते हुए तिहरे शतक तक पहुंचे। पिछले मुकाबले में भी उन्होंने शतक लगाया था।

बड़ौदा की ओर से महेश पिठिया ने भी 102 रन की शतकीय पारी खेली और लगभग पूरे दिन जम्मू कश्मीर के गेंदबाजों को परेशान किया। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक जम्मू-कश्मीर ने चार ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए छह रन बना लिए थे। अब टीम पर पहली पारी में बड़े अंतर से पिछड़ने से बचने का दबाव होगा। नागपुर में गोवा के 220 रन के जवाब मे विदर्भ ने तीन विकेट पर 217 रन बना लिये है तो वही पुडुचेरी में उत्तर प्रदेश ने पुडुचेरी के खिलाफ पहली पारी में नौ विकेट पर 328 रन बना लिये हैं। करण शर्मा 162 रन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article