क्रिकेट

LSG vs RCB Highlights: आरसीबी ने लखनऊ के नवाबों को उनके घर पर बड़े ही अदब से हराया

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated May 1, 2023, 11:49 PM IST

IPL 2023, LSG vs RCB Highlights: इंडियन प्रीमियर लीग के 43वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 18 रन से हराया। बेंगलोर की यह पांचवीं जीत है और टीम 10 अंक के साथ टेबल में 5वें नंबर पर पहुंच गई है।

Image

लखनऊ और बेंगलोर के मैच का ताजा अपडेट यहां देखें। (फोटो - IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर से हुआ।
  • यह मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला गया।
  • मैच के दौरान लखनऊ के कप्तान केएल राहुल चोटिल हो गए थे।

IPL 2023, LSG vs RCB Highlights: आईपीएल के 43वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने लखनऊ के नवाबों को बड़े ही अदब से हराया। बेंगलोर ने लखनऊ को उसके होम ग्राउंड पर 18 रन से हराया। टीम की यह मौजूदा आईपीएल में पांचवीं जीत है। इसी जीत के साथ टीम टेबल में पांचवें नंबर पर पहुंच गई है। लखनऊ के इकाना स्टेडियम खेले गए मुकाबले में बेंगलोर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 126 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी लखनऊ की टीम एक गेंद शेष रहते हुए 108 रन पर ऑलआउट हो गई। बारिश के कारण मैच कुछ देर के लिए रुका रहा, लेकिन दोबारा शुरू हुआ।

मैदान पर नहीं दिखा कोहली का जादू

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बेंगलोर की टीम ने अच्छी शुरुआत की, मैदान पर विराट कोहली का ज्यादा देर तक जादू देखने को नहीं मिला। बेंगलोर ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 126 रन बनाए। विराट कोहली 31 रन पर आउट हो गए। उनको रवि बिश्नोई की गेंद पर निकोलस पूरन ने स्टंप कर दिया। इसके बाद अनुज रावत भी लंबी पारी नहीं खेल पाए। वे महज 9 रन पर आउट हो गए। इसके बाद ग्लेन मैक्सवेल भी ज्यादा देर मैदान पर नहीं रुक पाए। उनको 4 रन पर रवि बिश्नोई ने एलबीडब्ल्यू कर दिया। सुयश प्रभुदेसाई भी टीम के लिए बड़ी पारी नहीं खेल पाए। वे महज 6 रन पर आउट हो गए। कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने अच्छी पारी खेली, लेकिन वे अर्धशतक से चूक गए। डु प्लेसिस 44 रन पर आउट हो गए। महिपाल लोमरोर भी अच्छी पारी नहीं खेल पाए। वे महज 3 रन पर आउट होकर पवेलियन लौट आए। फिनिशर की भूमिका निभाने वाले दिनेश कार्तिक भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए। वे महज 16 रन पर रन आउट हो गए। मोहम्मद सिराज खाता नहीं खोल पाए। लखनऊ के नवीन उल हक ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।

लखनऊ की खराब शुरुआत

जवाब में खेलने उतरी लखनऊ की खराब शुरुआत रही। काइल मेयर्स पहले ओवर की दूसरी गेंद पर बिना खाता खोले वापस लौट गए। उनको मोहम्मद सिराज ने आउट किया। क्रुणाल पंड्या भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए। उनको 18 रन ग्लेन मैक्सवेल ने विराट कोहली के हाथों आउट कराया। आयुष बडोनी भी टीम के लिए बड़ी पारी नहीं खेल पाए। उन्होंने 11 गेंदों का सामना किया और महज 4 रन पर आउट हो गए। उनका भी कैच विराट कोहली ने लपका था। दीपक हुड्डा एक बार फिर फ्लॉप रहे। वे महज 6 रन पर आउट हो गए। निकोलस पूरन भी अपना कमाल नहीं दिखा पाए। वे महज 9 रन पर आउट हो गए। मार्कस स्टोइनिस भी टीम को जीत के करीब नहीं ले जा सके। वे 13 रन पर आउट हो गए। कृष्णप्पा गौतम ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर लड़खड़ाई टीम को संभाला, लेकिन वे 23 रन पर रन आउट हो गए। रवि बिश्नोई भी 5 रन पर रन आउट हो गए। नवीन उल हक ने शानदार पारी खेली और टीम को जीत के करीब पहुंचाए। वे 13 रन बनाकर आउट हो गए। अमित मिश्रा 19 रन पर आउट हो गए। चोटिल राहुल सबसे अंतिम में बल्लेबाजी करने आए।

हेड टू हेड में बेगलोर का पलड़ा भारी

लखनऊ और बेंगलोर की टीम जब भी आईपीएल में आमने-सामने हुई है हाई स्कोरिंग मुकाबला हुआ है। लेकिन हेड टू हेड के मामले में बेंगलोर का पलड़ा भारी है। दोनों टीमों के बीच 3 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें बेंगलोर को दो मैचों में, जबकि लखनऊ को सिर्फ एक मुकाबले में जीत मिली है। बेंगलोर का लखनऊ के खिलाफ हाईस्कोर 212 रन है, जबकि लखनऊ का बेंगलोर के खिलाफ हाईस्कोर 213 रन है।

लखनऊ सुपर जायंट्स की प्लेइंग-11

केएल राहुल (कप्तान), काइल मेयर्स, दीपक हुड्डा, मार्कस स्टोइनिस, क्रुणाल पंड्या, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), कृष्णप्पा गौतम, रवि बिश्नोई, नवीन उल हक, अमित मिश्रा, यश ठाकुर।

लखनऊ सुपर जायंट्स के सबस्टिट्यूट खिलाड़ी

आयुष बडोनी, डेनियल सैम्स, आवेश खान, क्विंटन डी कॉक, प्रेरक मांकड़।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की प्लेइंग-11

विराट कोहली, फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), अनुज रावत, ग्लेन मैक्सवेल, महिपाल लोमरोर, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), सुयश प्रभुदेसाई, वानिंदु हसरंगा, कर्ण शर्मा, मोहम्मद सिराज, जोश हेजलवुड।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के सबस्टिट्यूट खिलाड़ी

हर्षल पटेल, शाहबाज अहमद, विजय कुमार वैशाक, ब्रेसवेल और सोनू यादव।

LSG vs RCB मैच कब और कहां देखें?

लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच इस मैच का सीधा प्रसारण आप स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा आप इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग हॉटस्टार और जियो सिनेमा एप पर देख सकते हैं। फैंस इस मैच की कॉमेंट्री 12 अलग-अलग भाषाओं में सुन सकते हैं।

शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article