Fastest 4000 runs in IPL: लखनऊ सुपर जायंट्स सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल के बल्ले की खामोशी आखिरकार रविवार को आईपीएल में पंजाब किंग्स के खिलाफ थम ही गई। अपनी पुरानी टीम के खिलाफ राहुल ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंद 7 चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। सोलहवें सीजन में अपनी पहली अर्धशतकीय पारी के दौरान केएल राहुल ने इंडियन प्रीमियर लीग में 4 हजार रन भी पूरे कर लिए।
राहुल ने तोड़ा क्रिस गेल का रिकॉर्ड
राहुल आईपीएल इतिहास में सबसे तेज गति से चार हजार रन पूरे करने वाले खिलाड़ी बने। उन्होंने इस मामले में क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। राहुल ने 105वीं पारी में ये उपलब्धि हासिल की। वहीं क्रिस गेल ने 112 पारियों में 4 हजार रन पूरे किए थे। इस सूची में तीसरे पायदान पर डेविड वॉर्नर और चौथे पर विराट कोहली काबिज हैं। वॉर्नर ने 114 और विराट ने 128 पारियों में ये उपलब्धि हासिल की थी। वहीं एबी डिविलियर्स 131 पारियों में ऐसा किया था।
सबसे तेज 2 हजार रन बनाने वाले कप्तान
केएल राहुल ने अपनी इस अर्धशतकीय पारी के दौरान आईपीएल में बतौर कप्तान भी दो हजार रन पूरे कर लिए। राहुल लखनऊ सुपर जायंट्स से पहले पंजाब किंग्स के कप्तान थे। कप्तान बनने के बाद राहुल के आईपीएल में प्रदर्शन पर बड़ा असर पड़ा। साल 2018 से लेकर अबतक वो लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। बतौर कप्तान आईपीएल में सबसे तेज 2 हजार रन बनाने के मामले में भी राहुल पहले पायदान पर काबिज हो गए हैं।
