क्रिकेट

कोलकाता-गुजरात आईपीएल 2024 मैच

इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें संस्करण में आज कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला खेला जाना है। ये मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। कोलकाता की टीम पहले ही प्लेऑफ में जगह बना चुकी है। आज का मैच गुजरात टाइटंस के लिए करो या मरो का मुकाबला है। अगर वो हारे तो उनकी थोड़ी-बहुत बची उम्मीदें भी समाप्त हो जाएंगी। यहां आपको बताएंगे कि कोलकाता-गुजरात मैच की पिच रिपोर्ट कैसी होगी, क्या कहते हैं अहमदाबाद के मैदान के आंकड़े और ट्रैक रिकॉर्ड।

Image

कोलकाता-गुजरात मैच पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2024 में आज होगा सीजन का 63वां मुकाबला
  • कोलकाता नाइट राइडर्स की टक्कर गुजरात टाइटंस से होगी
  • मैच का आयोजन अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा

आज आईपीएल 2024 का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) और मेजबान टीम गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) के बीच होगा। इस मैच का आयोजन गुजरात टाइटंस के होम ग्राउंड अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में खेला जाएगा। इंडियन प्रीमियर लीग का ये मैच केकेआर के लिए सिर्फ औपचारिकता और अपनी स्थिति को मजबूत करने वाला होगा क्योंकि वे प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं, लेकिन मेजबान गुजरात टाइटंस के लिए करो या मरो की स्थिति है क्योंकि आज के मैच में हार मिली तो उनकी आगे जाने की उम्मीदें पूरी तरह खत्म हो जाएंगी।

कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटंस के बीच आज खेले जाने वाले मैच से पहले जानते हैं कि आईपीएल इतिहास में जब-जब ये दोनों टीमें टकराई हैं तो आंकड़े कैसे रहे हैं। अब तक इन दोनों टीमों के बीच 3 आईपीएल मैच खेले जा चुके हैं। इन तीन मुकाबलों में दो बार गुजरात टाइटंस को जीत मिली है जबकि 1 मैच में केकेआर ने गुजरात को हराया है। आज जब कोलकाता-गुजरात का मैच होगा तो कई स्टार क्रिकेटर मैदान पर होंगे, गुजरात टाइटंस की बात करें तो उनके फैंस की नजरें टीम के कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) और साई सुदर्शन (Sai Sudharsan) पर टिकी होंगी जिन्होंने पिछले मैच में शतक लगाकर कमाल किया था। वहीं डेविड मिलर (David Miller), राशिद खान (Rashid Khan) और मोहित शर्मा (Mohit Sharma) पर भी निगाहें टिकी रहेंगी। वहीं अंक तालिका में शीर्ष पर मौजूद टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के स्टार खिलाड़ियों में सुनील नरायन (Sunil Narine), फिल सॉल्ट (Phil Salt), वरुण चक्रवर्ती (Varun Chakravarthy), आंद्रे रसेल (Andre Russell) कुछ ऐसे धुरंधर हैं जिनसे सबसे ज्यादा उम्मीदें होंगी।

आईपीएल में आज कोलकाता और गुजरात की टीमों के बीच मुकाबला अहमदाबाद स्थित विश्व के सबसे बड़े क्रिकेट मैदान नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर आयोजित होगा। नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच पर इस बार एक मैच को छोड़कर बाकी सभी मुकाबलों में जमकर रन बने हैं इसलिए बल्लेबाजों का यहां एक बार फिर दबदबा देखने को मिल सकता है। पिछले मैच की बात करें तो यहां चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ गुजरात टाइटंस के दोनों ओपनर्स ने शतक जड़ा और उनका स्कोर 20 ओवर में 3 विकेट पर 231 रन तक जा पहुंचा। जवाब में उतरी चेन्नई की टीम अपने दो खिलाड़ियों के अर्धशतकों के बावजूद 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 196 रन तक ही पहुंच सकी और गुजरात ने 35 रनों से मैच जीत लिया। यहां गेंदबाजों में तेज गेंदबाजों का ही ज्यादा बोलबाला रहा है, लेकिन रनों की बौछार उनको भी झेलनी पड़ सकती है।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटंस के बीच आज तक सिर्फ एक मुकाबला ही खेला गया है। उस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मेजबान गुजरात की टीम को घर में शिकस्त देकर चौंकाया था। पिछले आईपीएल संस्करण में खेले गए उस मैच में गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 204 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। जवाब में उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने अंतिम गेंद पर रोमांचक अंदाज में 3 विकेट से जीत हासिल की थी। उस दिन भी केकेआर की तरफ से वेंकटेश अय्यर (Venkatesh Iyer) ने 40 गेंदों में 83 रन बनाकर सुर्खियां बटोरी थीं, जो इस सीजन के पिछले मैच में भी केकेआर के हीरो बने थे।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article