क्रिकेट

जॉन कैंपबेल ने तोड़ा 27 साल पुराना कैरेबियाई रिकॉर्ड, जड़ा भारत के खिलाफ वनडे में सबसे तेज शतक

वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज जॉन कैंपबेल ने गुवाहाटी में टीम इंडिया के खिलाफ सीरीज के दूसरे वनडे में आतिशी शतक जड़कर 27 साल पुराना कैरेबियाई रिकॉर्ड तोड़ दिया।

Image

जॉन कैंपबेल (फोटो क्रेडिट AP)

गुवाहाटी: वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज जॉन कैंपबेल ने टीम इंडिया के खिलाफ गुवाहाटी में खेले जा रहे तीन मैच की सीरीज के दूसरे वनडे में अपनी आतिशी बल्लेबाजी से कोहराम मचा दिया। पारी की शुरुआत करने आए कैंपबेल ने शुरुआत से ही भारतीय बल्लेबाजों को आड़े हाथ लिया और अपना अर्धशतक 29 गेंद में 7 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। पचासा पूरा करने के बाद भी उनकी रन बनाने की गति नहीं थमी और कैंपबेल ने अपने वनडे करियर का दूसरा शतक 65 गेंद में 9 चौके और 5 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। इसके बाद वो 68 गेंद में 101 रन बनाकर गुरनूर बराड़ की गेंद पर मिड विकेट पर नमन धीर के हाथों लपके गए। 148.52 के स्ट्राइक रेट वाली पारी में बराड़ ने 9 चौके और पांच छक्के जड़े। 147 के स्कोर पर वेस्टइंडीज को 19वें ओवर की पहली गेंद पर दूसरा झटका लगा।

तोड़ा रिकॉर्डो पॉवेल का 27 साल पुराना रिकॉर्ड

तीन अंक के आंकड़े को छूते ही कैंपबेल ने भारत के खिलाफ वेस्टइंडीज के लिए सबसे तेज शतक जड़ने का 27 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। कैंपबेल 65 गेंद में अपना शतक पूरा करके साल 1999 में रिकॉर्डो पॉवेल द्वारा सिंगापुर में भारत के खिलाफ 72 गेंद में शतक के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। कैंपबेल की रफ्तार के आगे मार्लोन सैमुअल्स द्वारा साल 2002 में विजयवाड़ा में 73 गेंद में और शिमरॉन हेटमायर द्वारा 2018 में गुवाहाटी में 74 गेंद में जड़े शतक की चमक फीकी पड़ गई।

वेस्टइंडीज के लिए भारतीय सरजमीं पर सबसे तेज शतक

कैंपबेल का गुवाहाटी में भारत के खिलाफ जड़ा शतक वनडे क्रिकेट इतिहास में कैरेबियाई बल्लेबाज द्वारा जड़ा पांचवां सबसे तेज और भारतीय सरजमीं पर सबसे तेज शतक दर्ज हो गया। वेस्टइंडीज के लिए सबसे तेज शतक जड़ने का रिकॉर्ड ब्रायन लारा के नाम दर्ज है। उन्होंने साल 1999 में ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ 45 गेंद में शतक जड़ा था। इसके बाद सूची में दूसरे पायदान पर काबिज क्रिस गेल ने इंग्लैंड के खिलाफ सेंट जॉर्ज में 2019 में खेले गए वनडे में 55 गेंद में शतक जड़ा था। एविन लुईस 61 गेंद में श्रीलंका के खिलाफ 2024 में, निकोलस पूरन 2023 में हरारे में जिंबाब्वे के खिलाफ 63 गेंद में शतक जड़कर सूची में तीसरे और चौथे पायदान पर हैं। इनके बाद जॉन कैंपबेल का नंबर आता है। कैंपबेल ने टीम के मौजूदा कप्तान शाई होप को पछाड़कर पांचवें स्थान पर कब्जा किया है। होप ने 2025 में नेपियर में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में 66 गेंद में शतक जड़ा था। एक गेंद के अंतर से वो टॉप 5 से बाहर हो गए हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article