बिजनेस

घर खरीदने के लिए PF का पैसा चाहिए? कितना निकाल सकते हैं, जानिए नियम

EPF Withdrawal Rules: नियमों में ढील से अब EPF सदस्य घर खरीदने, लोन चुकाने या मरम्मत के लिए कुल बैलेंस का 75% तक निकाल सकते हैं।

Image

PF से घर खरीदने के लिए निकाल सकते हैं भारी-भरकम फंड: जानें नया नियम, पात्रता

Photo : iStock

EPF Withdrawal Rules :अपने सपनों का घर खरीदना, होम लोन चुकाना या मकान की मरम्मत कराना अब कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) के अंशधारकों के लिए काफी आसान हो गया है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के नियमों में हुए बदलावों के तहत अब पीएफ खाते से पहले की तुलना में अधिक राशि निकाली जा सकती है। अगर आप भी नया मकान बनाने या खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो अपने पीएफ फंड का एक बड़ा हिस्सा इसके लिए इस्तेमाल कर सकते हैं।

कितना पैसा निकाल सकते हैं आप?

सरलीकृत पीएफ निकासी नियमों के तहत पात्र सदस्य अपने कुल पीएफ बैलेंस का 75 प्रतिशत तक निकाल सकते हैं। सबसे महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि अब निकासी की गणना केवल कर्मचारी के अपने अंशदान तक सीमित नहीं है। इस 75 प्रतिशत की सीमा में कर्मचारी का अंशदान, नियोक्ता (कंपनी) का अंशदान और उस पर मिला कुल ब्याज, तीनों शामिल हैं। उदाहरण के लिए अगर आपके पीएफ खाते में कुल 10 लाख रुपये का बैलेंस है, तो आप 7.5 लाख रुपये तक निकाल सकते हैं, जबकि 2.5 लाख रुपये आपके खाते में सुरक्षित रहेंगे। हालांकि, यह ध्यान रखें कि 75 प्रतिशत की सीमा एक अधिकतम दायरा है और अंतिम राशि आपके उद्देश्य और नियमों पर निर्भर करती है।

किस-किस काम में लाया जा सकता है यह फंड?

आवास से जुड़ी इस निकासी सुविधा का उपयोग मुख्य रूप से चार कार्यों के लिए किया जा सकता है। नया घर, फ्लैट या जमीन खरीदना; अपने मकान का निर्माण कराना; पहले से चल रहे होम लोन का भुगतान करना; अथवा मौजूदा घर की मरम्मत, नवीनीकरण या विस्तार कराना। इन सभी जरुरतों के लिए एक ही समान और आसान ढांचा तैयार किया गया है ताकि सदस्यों को प्रक्रिया समझने में कोई परेशानी न हो।

कौन उठा सकता है इस सुविधा का लाभ?

पुराने नियमों में अलग-अलग उद्देश्यों के लिए सेवा की अवधि और निकासी की शर्तें बेहद जटिल थीं। लेकिन नए नियमों के अनुसार, इस सरलीकृत आवास निकासी सुविधा का लाभ उठाने के लिए सदस्य को केवल 12 महीने (1 वर्ष) की न्यूनतम पीएफ सदस्यता पूरी करनी होगी। एक साल की नौकरी पूरी होते ही सदस्य इस फंड का उपयोग करने के पात्र बन जाते हैं।

कितनी बार निकाली जा सकती है राशि?

EPFO के नियमों के अनुसार, कोई भी सदस्य अपनी पूरी नौकरी के दौरान घर से जुड़े कार्यों के लिए अधिकतम 5 बार पीएफ एडवांस निकाल सकता है। चूंकि जमीन खरीदने, लोन चुकाने और बाद में घर की मरम्मत कराने जैसी जरुरतें इसी एक कैटेगरी के तहत आती हैं, इसलिए सदस्यों को अपने भविष्य की जरुरतों को ध्यान में रखकर ही निकासी की योजना बनानी चाहिए। इसके अलावा, शादी, शिक्षा या इलाज जैसी अन्य जरुरतों के लिए पीएफ निकासी के नियम और सीमाएं अलग हैं।

पीएफ से पैसा निकालने से पहले ध्यान दें यह बात

हालांकि घर के लिए पीएफ से पैसा निकालना एक बड़ा वित्तीय सहारा देता है और आपको भारी ब्याज वाले अतिरिक्त कर्ज से बचाता है, लेकिन इसके साथ एक बड़ा नुकसान भी जुड़ा है। पीएफ मुख्य रूप से आपकी रिटायरमेंट के लिए बनाई गई बचत है। अगर आप करियर के शुरुआती या मध्य वर्षों में बड़ी राशि निकाल लेते हैं, तो उस पर मिलने वाले चक्रवृद्धि ब्याज (कंपाउंडिंग) का लाभ खत्म हो जाता है। इससे आपका रिटायरमेंट फंड काफी कम हो सकता है। इसलिए, पीएफ से पैसा निकालने से पहले अपनी अन्य बचतों और विकल्पों का आकलन जरूर कर लें।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article