Alliance 2 Update: प्राइम वीडियो का चर्चित रियलिटी शो ‘एलायंस’ एक बार फिर दर्शकों के बीच लौटने वाला है। पहले सीजन में दोस्ती, दुश्मनी, गठजोड़ और धोखे के बीच कंटेस्टेंट्स ने जमकर खेल खेला था। अब शो के दूसरे सीजन का ऐलान हो गया है। खास बात ये है कि इसके लिए दर्शकों को ज्यादा लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। प्राइम वीडियो ने बताया है कि ‘एलायंस सीजन 2’ (Alliance 2 ) जनवरी 2027 में शुरू होगा। इस बार खेल पहले से ज्यादा मुश्किल होगा, चुनौतियां भी बढ़ेंगी और ‘सिस्टम’ भी नए अंदाज में कंटेस्टेंट्स की परीक्षा लेता नजर आएगा। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-टीवी पर रिलीज से पहले Dhurandhar 2 पर चली सेंसर बोर्ड की कैंची, 50 कट के बाद मिली मंजूरी)
‘एलायंस’ 2 को लेकर आया अपडेट
‘एलायंस’ का पहला सीजन छह हफ्तों तक चला था और इसे दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली। शो में कंटेस्टेंट्स के बीच बनते और टूटते रिश्तों ने खूब ध्यान खींचा। कौन किसके साथ है, कौन किसे धोखा देगा और कौन अपनी चाल से आगे निकल जाएगा, इसे लेकर दर्शकों के बीच लगातार चर्चा होती रही। इसी प्रतिक्रिया को देखते हुए मेकर्स ने दूसरे सीजन को जल्दी लाने का फैसला किया है। प्राइम वीडियो ने बुधवार को सोशल मीडिया पर सीजन 2 का ऐलान करते हुए लिखा, “सिस्टम की चेतावनी: नए गठजोड़ बन रहे हैं। ज्यादा ड्रामा होगा और ज्यादा गठजोड़ टूटेंगे।” इस ऐलान के साथ साफ है कि नए सीजन में भी रिश्तों और रणनीति का खेल देखने को मिलेगा।
बता दें कि इस शो को होस्ट बॉलीवुड एक्टर और निर्देशक कुणाल खेमू कर रहे हैं। ‘एलायंस’ से उन्होंने रियलिटी शो की मेजबानी की शुरुआत की थी। पहला सीजन 26 जून 2026 को शुरू हुआ था। खास बात यह है कि यह प्राइम वीडियो की दुनिया की पहली रोजाना आने वाली रियलिटी सीरीज थी। इसके नए भाग हर दिन दोपहर 12 बजे दिखाए जाते थे। पहले सीजन में रवि किशन और रिवा किशन, कुशाल टंडन और अरसलान गोनी, जैद दरबार और डेजी शाह, मिनी माथुर और निखिल चिनपा जैसे स्टार्स नजर आए थे।
