शहर

UP-बिहार में नदियों ने लिया रौद्र रूप, गंडक का तटबंध टूटा, सरयू खतरे के पार; बाढ़ को लेकर प्रशासन हाई अलर्ट

उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों पर भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर तेजी के साथ बढ़ रहा है। बिहार में गंडक और यूपी में सरयू नदी के जलस्तर में बेतहासा बढ़ोतरी के बाद तटीय भागों पर प्रशासन हाई अलर्ट पर है।

Image

बिहार-यूपी में बाढ़ का खतरा बढ़ा (फोटो-AI)

पटना/लखनऊ : बिहार और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में नदियों के बढ़ते जलस्तर ने बाढ़ का खतरा बढ़ा दिया है। बिहार के पश्चिमी चंपारण में गंडक नदी के किनारे बने तटबंध में दरार आने से निचले इलाकों में पानी घुसने का खतरा पैदा हो गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश में सरयू नदी कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। अयोध्या और गोरखपुर में हालात को देखते हुए प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है।

पश्चिमी चंपारण में तटबंध में दरार

बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में सोमवार शाम गंडक नदी के किनारे बने तटबंध में मामूली दरार आ गई। इससे तीन गांवों के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। बताया गया है कि बगहा-1 प्रखंड के खैरटवा गांव के पास तटबंध के 4 किलोमीटर चेनेज पर यह दरार आई।

बयान के मुताबिक, उस समय गंडक नदी का जलस्तर अपने पिछले उच्चतम बाढ़ स्तर 90.90 मीटर से करीब 35 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया था। तटबंध में दरार के कारण नदी का पानी खेतों में प्रवेश कर रहा है। हालांकि, प्रशासन को उम्मीद है कि यह पानी करीब 9.5 किलोमीटर चेनेज पर फिर से गंडक नदी में मिल जाएगा। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

यूपी में सरयू का जलस्तर बढ़ा

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। अयोध्या में पिछले दो दिनों में हुई बारिश के बाद सरयू नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इससे नदी के आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है।

गोरखपुर में भी सरयू नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। वहीं राप्ती और रोहिन नदियों का जलस्तर भी खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। कई इलाकों में इसका असर जमीन पर दिखाई देने लगा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पानी उन क्षेत्रों तक पहुंच गया है जो एक दिन पहले तक सूखे थे।

बाढ़ चौकियों को अलर्ट

नदियों के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए गोरखपुर जिला प्रशासन ने सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया है। विभिन्न विभागों की टीमें नदियों, तटबंधों और अन्य संवेदनशील इलाकों की लगातार निगरानी कर रही हैं। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखते हुए जरूरी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article