क्रिकेट

केरल क्रिकेट संघ ने लगाया एस श्रीसंत पर तीन साल का प्रतिबंध, जानिए क्या है वजह

एस श्रीसंत पर केरल क्रिकेट संघ ने संजू सैमसन का बचाव करते हुए केसीए के खिलाफ टिप्पणी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन साल के लिए निलंबित कर दिया है।

Image

संजू सैमसन और एस श्रीसंत(साभार X)

तिरूवनंतपुरम: केरल क्रिकेट संघ (केसीए) ने चैम्पियंस ट्रॉफी के लिये भारतीय टीम से संजू सैमसन के बाहर रहने को लेकर हुए विवाद के सिलसिले में उसके खिलाफ कथित तौर पर झूठे और अपमानजनक बयान देने पर भारत के पूर्व तेज गेंदबाज एस श्रीसंत को तीन साल के लिये निलंबित कर दिया है । केसीए ने एक बयान में कहा कि यह फैसला 30 अप्रैल को कोच्चि में उसकी आमसभा की विशेष बैठक में लिया गया। श्रीसंत इस समय केरल क्रिकेट टीम में कोल्लम एरीस टीम के सह मालिक हैं।

केसीए ने जारी किया था कारण बताओ नोटिस

इससे पहले उनके विवादित बयान के सिलसिले में श्रीसंत, कोल्लम टीम, अलपुझा टीम लीड और अलपुझा रिपल्स को कारण बताओ नोटिस जारी किये गए थे। बयान में कहा गया,'फ्रेंचाइजी टीमों ने नोटिस का संतोषजनक जवाब दे दिया लिहाजा उनके खिलाफ आगे कोई कार्रवाई नहीं की गई है। लेकिन बैठक में तय किया गया कि टीम प्रबंधन के सदस्यों की नियुक्ति के समय काफी एहतियात बरतने की सलाह दी जायेगी।'

सैमसन के पिता और श्रीसंत के खिलाफ किया जाएगा मुआवजे का दावा

इसमें यह भी कहा गया कि संजू सैमसन के पिता सैमसन विश्वनाथ और दो अन्य के खिलाफ संजू सैमसन का नाम लेकर बेबुनियाद आरोप लगाने के लिये मुआवजे का दावा किया जायेगा। केसीए ने दो बार के विश्व कप विजेता श्रीसंत को एक मलयालम टीवी चैनल पर परिचर्चा के दौरान सैमसन और केसीए से जुड़ी टिप्पणियों के कारण नोटिस जारी किया। केसीए ने बयान में स्पष्ट किया कि नोटिस सैमसन का समर्थन करने के लिये नहीं दिया गया है बल्कि केसीए के खिलाफ भ्रामक और अपमानजनक टिप्पणियां करने पर दिया गया है।

श्रीसंत ने केसीए पर लगाए थे आरोप

श्रीसंत ने टीवी पर सैमसन के प्रति कथित तौर पर समर्थन जताते हुए केसीए पर आरोप लगाये थे। उन्होंने सैमसन और केरल के अन्य खिलाड़ियों का बचाव करने की भी बात कही थी। उन्होंने यह बयान विजय हजारे ट्रॉफी के लिये केरल टीम से सैमसन को बाहर करने को लेकर केसीए की आलोचना के बीच दिया था। समझा जाता है कि केसीए के इस फैसले से चैम्पियंस ट्रॉफी के लिये भारतीय टीम के सैमसन के चयन की संभावनाओं पर असर पड़ा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article