क्रिकेट

रणजी ट्रॉफी के 9 मैचों में 5 शतक और 779 रन बनाए, अब IPL 2025 से पहले इस बल्लेबाज ने भरी हुंकार

Karun Nair On IPL 2025: अनुभवी बल्लेबाज करुण नायर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भी अच्छी फार्म जारी रखकर अपनी टीम दिल्ली कैपिटल्स को पहला खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाना चाहते हैं। वीरेंद्र सहवाग के बाद टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक जड़ने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज के रूप में मशहूर करुण नायर ने आईपीएल 2025 से पहले क्या कुछ कहा है, यहां जानिए।

Image

करुण नायर (Instagram)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2025 के लिए तैयार करुण नायर
  • रणजी ट्रॉफी में करुण ने जमकर बरसाए रन
  • इस बार दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं करुण नायर

IPL 2025: घरेलू क्रिकेट में सभी प्रारूप में शानदार प्रदर्शन करने वाले अनुभवी बल्लेबाज करुण नायर (Karun Nair) इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भी अच्छी फार्म जारी रखकर अपनी टीम दिल्ली कैपिटल्स को पहला खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाना चाहते हैं।

नायर घरेलू क्रिकेट में विदर्भ के लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी साबित हुए। उन्होंने 50 ओवर के प्रारूप में खेली जाने वाली विजय हजारे ट्रॉफी में नौ मैच में 389.50 की औसत से 779 रन बनाए जिसमें पांच शतक और एक अर्धशतक शामिल है।

उन्होंने रणजी ट्रॉफी में भी अपनी यह फॉर्म जारी रखी और 57.33 की औसत से 860 रन बनाए जिसमें चार शतक शामिल हैं। उन्होंने केरल के खिलाफ रणजी ट्रॉफी फाइनल में नाबाद 132 रन बनाकर अपनी टीम को चैंपियन बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दिल्ली कैपिटल्स ने आगामी आईपीएल से पहले उन्हें 50 लाख रुपए में खरीदा।

नायर ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं दिल्ली कैपिटल्स की टीम में वापसी करके वास्तव में बहुत खुश हूं। मैं टीम से जुड़ने और खेलने के लिए बेहद उत्साहित हूं। मैं प्रत्येक मैच को पिछले मैच की तरह महत्वपूर्ण मानकर चलूंगा। मैंने बहुत अधिक बदलाव नहीं किये और केवल प्रक्रिया पर भरोसा रखा तथा पूरे सत्र के दौरान ऐसा करना जारी रखा। इस सत्र के लिए यही मेरी रणनीति थी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं जितनी जल्दी हो सके अपनी प्रक्रिया, अपनी लय हासिल कर लूंगा और मैं जल्दी अच्छी शुरुआत करना चाहूंगा और जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ेगा मैं बेहतर होने की कोशिश करूंगा। मैंने जो एकमात्र चीज की है वह स्वयं को परिस्थितियों के अनुसार ढालना है। मैंने अपने खेल में कुछ शॉट् जोड़े और जरूरत पड़ने पर उन्हें आजमाने का आत्मविश्वास बनाया। मैं अब तनावमुक्त रहने की भी कोशिश करता हूं।’’

नायर ने दिल्ली कैपिटल्स के नए कप्तान अक्षर पटेल की ही जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा, ‘‘अक्षर लंबे समय से खेल रहा है और वह शानदार कप्तान साबित होगा। वह एक ऐसा खिलाड़ी है जो खेल के प्रत्येक पहलू के बारे में अच्छी तरह से जानता है और प्रत्येक की स्थिति और भूमिका को समझता है। मैं उनके साथ काम करने को लेकर उत्साहित हूं।’’

नायर आगामी सत्र में भारत के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल के साथ खेलने को लेकर भी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा,‘‘मैं राहुल के साथ खेलने को लेकर उत्साहित हूं। हम शुरू से साथ में खेलते रहे हैं। उसने आईपीएल के पिछले कुछ सत्र में अच्छा प्रदर्शन किया है और मैं उसके साथ एक टीम में खेलने को लेकर खुश हूं। मुझे उम्मीद है कि इस बार दिल्ली कैपिटल्स अपना पहला खिताब जीतने में सफल रहेगी।’’

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article