उत्तराखंड की राजनीति में इस वक्त एक पारिवारिक और सियासी विवाद ने तूल पकड़ लिया है। राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपने ही पति गिरधारी लाल साहू (उर्फ पप्पू गिरधारी) के खिलाफ देहरादून के थाना कैंट में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
मंत्री ने पति पर हत्या की साजिश रचने, मारपीट करने, धोखाधड़ी और जातिसूचक अपशब्दों का प्रयोग करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू पर लगे मारपीट, उत्पीड़न, जातिसूचक टिप्पणी और जान से मारने की धमकी के आरोपों की जांच के लिए 9 सदस्यीय SIT गठित की गई है।
अस्पताल से बाहर आकर बोलीं- 'जुल्म के खिलाफ आवाज उठाएं'
एफआईआर दर्ज कराने के दो दिन बाद अचानक रेखा आर्य की तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद मीडिया के सामने आते ही उन्होंने कहा कि तहरीर में दी गई एक-एक बात पूरी तरह सच है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: Kupwara Encounter: कुपवाड़ा में सेना का बड़ा एक्शन, LoC पर घुसपैठ की साजिश नाकाम; केरन सेक्टर में दो आतंकी ढेर
उन्होंने कहा कि उनके इस कदम का मकसद राज्य की हर बेटी को यह संदेश देना है कि किसी भी अत्याचार के खिलाफ चुप रहने के बजाय आवाज उठानी चाहिए। रेखा आर्य ने उम्मीद जताई कि पुलिस निष्पक्षता से जांच कर सच सामने लाएगी।
ऑडियो क्लिप, मारपीट और धोखाधड़ी के आरोप
मंत्री रेखा आर्य ने शिकायत में कहा है कि हाल ही में उन्हें एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली, जिसमें उनके पति किसी महिला से मिलकर उनकी हत्या की साजिश रचते सुनाई दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने पति के अवैध संबंधों का विरोध किया, तो उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। इसके अलावा, फर्जी दस्तावेजों के जरिए उन्हें कंपनियों के निदेशक पद से हटाने का भी आरोप लगाया गया है।
मामले में कूदी कांग्रेस, मांगी सफाई और इस्तीफा
इस पूरे घटनाक्रम के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जवाब मांगा है। गोदियाल ने कहा कि मंत्री के पति ने ही उन पर मिड-डे मील योजना में 210 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया है, जो कि बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि रेखा आर्य एक मंत्री हैं, इसलिए वह 'बेबस' नहीं हैं। कांग्रेस ने मामले की निष्पक्ष जांच और मंत्री के इस्तीफे की मांग की है।
