कराची: न्यूजीलैंड के पूर्व टेस्ट कप्तान केन विलियमसन ने पाकिस्तान के खिलाफ कराची टेस्ट की पहली पारी में करियर का 25वां टेस्ट शतक जड़ा। टेस्ट क्रिकेट में शतकों के 24 महीने लंबे सूखे को विलियमसन ने नाबाद 200 रन की पारी खेलकर खत्म किया। इससे पहले उनके बल्ले से आखिरी शतक जनवरी 2021 में क्राइस्टचर्च में पाकिस्तान के खिलाफ आया था वो भी दोहरा शतक था। उस मैच में विलियमसन ने 238 रन बनाए थे।
ये विलियमसन के टेस्ट करियर का पांचवा दोहरा शतक है। कराची में दोहरा शतक पूरा करने ही केन न्यूजीलैंड के टेस्ट इतिहास में सबसे ज्यादा दोहरे शतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने इस मामले में पूर्व कप्तान ब्रेंडन मैकुलम को पीछे छोड़ा। मैकुलम ने अपने टेस्ट करियर में 4 दोहरे शतक जड़े थे। कराची टेस्ट से पहले विलियनसन और मैकुलम 4-4 दोहरे शतक के साथ बराबरी पर थे।
