क्रिकेट

रॉस टेलर को पीछे छोड़ केन विलियमसन ने रचा इतिहास, 26वां शतक जड़ कराई न्यूजीलैंड की वापसी

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Apr 13, 2023, 11:05 AM IST

न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में वापसी कर ली है। केन विलियमसन की शतकीय पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में 5 विकेट के नुकसान पर 400 से ज्यादा रन बना लिए हैं। केन विलियमसन ने इस मैच में अपना 26वां शतक जड़ दिया है।

Image

केन विलियमसन

Photo : Twitter

न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में केन विलियमसन ने न्यूजीलैंड टीम की कुछ हद तक वापसी करा दी है। फॉलोऑन खेल रही न्यूजीलैंड की टीम ने दूसरी पारी में खेल के चौथे दिन खबर लिखे जाने तक 180 से ज्यादा रन की बढ़त हासिल कर ली है। न्यूजीलैंड की तरफ से संकटमोचक बने पूर्व कप्तान केन विलियमसन, जिन्होंने अपने टेस्ट करियर का 26वां शतक लगाया। उन्होंने 226 गेंद पर 8 चौकों की मदद से अपना शतक पूरा किया।

रॉस टेलर को छोड़ा पीछे

इस शतकीय पारी के साथ ही केन विलियमसन टेस्ट क्रिकेट में न्यूजीलैंड की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में रॉस टेलर को पीछे छोड़ दिया है। केन विलियसन ने अपने 92वें टेस्ट मैच में यह कारनामा किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड रॉस टेलर के नाम था, जिन्होंने 112 मैच में 44.66 की औसत से 7683 रन बनाए थे।

टेलर ने दी शुभकामनाएं

रॉस टेलर ने केन विलियमसन की इस उपलब्धि पर उन्हें शुभकामनाएं दी है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा 'न्यूजीलैंड की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले केन विलियमसन को शुभकामनाएं। आपकी यह उपलब्धि इस बात का सबूत है कि आप कितने मेहनती और टेस्ट क्रिकेट को लेकर समर्पित हैं। अभी और भी कई साल आगे बाकी हैं।

न्यूजीलैंड ने की वापसी

इंग्लैंड टीम की पहली पारी 435 रन के जवाब में न्यूजीलैंड की टीम केवल 209 रन बनाकर आउट हो गई और उन्हें फॉलोऑन खेलना पड़ा। इंग्लैंड को लगा होगा कि वह इस मैच को आसानी से जीत लेगी, लेकिन दूसरी पारी में पहले डेवॉन कॉनवे और टॉम लैथम ने और फिर केन विलियमसन ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की वापसी करा दी।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article