क्रिकेट

प्लेऑफ से पहले RCB को मिली गुड न्यूज, टीम से जुड़ा यह धाकड़ गेंदबाज

प्लेऑफ में पहले ही अपनी जगह पक्की कर चुनी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए अब टॉप-2 में फिनिश करने की चुनौती है। इससे पहले टीम से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है जिससे उसके पहली ट्रॉफी जीतने की उम्मीदों को पंख लग गई है। आखिर क्या है वह गुड न्यूज चलिए जानते हैं।

Image

जोश हेजलवुड (साभार-x)

अपनी पहली आईपीएल ट्रॉफी की तलाश में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम आईपीएल 2025 में प्लेऑफ में तो पहुंच चुकी है, लेकिन उसकी चुनौती कम नहीं हुई है। अब उसके सामने टॉप-2 में फिनिश करने की चुनौती है जिसके लिए उसे 27 मई को अपने आखिरी लीग मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स से भिड़ना है, लेकिन इससे पहले टीम से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है जिससे उसके ट्रॉफी जीतने की उम्मीदें और भी बढ़ गई है। दरअसल ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड इंडियान प्रीमियर लीग (आईपीएल) के प्लेऑफ मुकाबलों से पहले रविवार को अपनी फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से जुड़ गए हैं।

आरसीबी को प्लेऑफ से पहले लीग चरण में मंगलवार को यहां अपना आखिरी मुकाबला खेलना है। हेजलवुड की वापसी से टीम का गेंदबाजी आक्रमण काफी मजबूत होगा। भारत और पाकिस्तान के सैन्य संघर्ष के कारण आईपीएल के एक सप्ताह तक निलंबित होने के बाद हेजलवुड ऑस्ट्रेलिया लौट गये थे। वह इस दौरान कंधे की मामूली चोट से भी जूझ रहे थे, जिससे अब पूरी तरह से उबर चुके हैं।

हेजलवुड ने आरसीबी की ओर से जारी वीडियो में कहा, ‘‘ यह निश्चित रूप से शानदार है कि मैं वापस आ गया हूं। घर पर कुछ सप्ताह बिताना अच्छा रहा। मैंने ब्रिस्बेन में गेंदबाजी का काफी अभ्यास किया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ सब कुछ अच्छा है। उम्मीद है कि फिर से गेंदबाजी शुरू कर पाउंगा। कल अभ्यास सत्र के दौरान मैदान पर उतरने का इंतजार है।’’ यह 34 वर्षीय अनुभवी गेंदबाज ब्रिस्बेन में अभ्यास कर रहा था जो अगले महीने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए ऑस्ट्रेलिया की तैयारी का हिस्सा है। उन्हें क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की मेडिकल टीम द्वारा निगरानी में रखा गया था।

आरसीबी ने भी हेजलवुड की प्रगति पर नजर रखा हुआ था। वह इस सत्र में 10 मैचों में 18 विकेट के साथ टीम के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे हैं। आरसीबी पहले ही प्लेऑफ में जगह पक्की कर ली है। सनराइजर्स हैदराबाद से पिछले मैच में 42 रन से मिली हार के बाद टीम को शीर्ष दो में जगह बनाने के लिए अन्य मैचों के परिणामों के साथ मंगलवार को लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article