क्रिकेट

Asian Games 2026: सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ अपने आक्रामक तेवर बरकरार रखना चाहेगी हरमनप्रीत कौर की सेना

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला टीम रविवार को एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश को पटखनी देकर सिल्वर मेडल पक्का करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। जानिए मैच से जुड़ी जरूरी बातें।

Image

भारतीय महिला और बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम सेमीफाइनल

निशिन (जापान): मौजूदा चैंपियन भारत रविवार को बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले एशियाई खेलों के सेमीफाइनल मैच में अपने आक्रामक तेवर बरकरार रखकर दबाव बनाने की कोशिश करेगा। भारतीय टीम ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। उसने क्वार्टर फाइनल में जापान को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी और इस बीच 15 ओवर शेष रहते हुए ही मैच जीत लिया।

भारत ने बांग्लादेश को दी है पिछले नौ मुकाबलों में मात

दूसरी ओर बांग्लादेश ने चीन के खिलाफ क्वार्टरफाइनल मैच गीले मैदान के कारण रद्द होने के बाद अपनी बेहतर आईसीसी रैंकिंग के आधार पर सेमीफाइनल में जगह बनाई। भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ इस प्रारूप में अपना दबदबा बनाए रखा है और उसने पिछले नौ मुकाबलों में जीत हासिल की है, जिसमें पिछले सप्ताह एशिया कप में 40 रन की जीत भी शामिल है। बांग्लादेश के हाथों उसे टी20 में आखिरी बार तीन साल पहले हार का सामना करना पड़ा था। भारत ने जापान के खिलाफ टर्न और उछाल वाली पिच का भरपूर फायदा उठाया, जिसमें बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने अपना प्रभावशाली प्रदर्शन जारी रखा। उन्हें कामचलाऊ गेंदबाज शेफाली वर्मा, अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा और श्रेयांका पाटिल का भरपूर सहयोग मिला। श्रेयांका ने तीन महीने के बाद वापसी की है।

भारत पर स्पिनर्स के बल पर दबाव बनाना चाहेगी बांग्लादेश की टीम

जापान के खिलाफ सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर बल्लेबाजी करने नहीं आई थीं। शेफाली ने अकेले दम पर भारत को 58 रन के लक्ष्य तक पहुंचा दिया। उम्मीद है कि ये दोनों सीनियर बल्लेबाज बांग्लादेश के खिलाफ मैदान पर वापसी करेंगी। बांग्लादेश की टीम भारत पर दबाव बनाने के लिए अपने स्पिनरों पर निर्भर रहेगी। बांग्लादेश को अगर भारत के बल्लेबाजों पर दबाव बनाना है तो नाहिदा अख्तर और रबिया खान जैसी गेंदबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। वे पिच से मिलने वाली किसी भी मदद का फायदा उठाने और भारत के आक्रामक शीर्ष क्रम को नियंत्रण में रखने की कोशिश करेंगी।

दोनों टीम इस प्रकार हैं:

भारतीय क्रिकेट टीम:

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमलिनी (विकेटकीपर), श्रेयांका पाटिल, भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव, नंदनी शर्मा।

बांग्लादेश क्रिकेट टीम:

निगार सुल्ताना (कप्तान), नाहिदा अख्तर (उप-कप्तान), दिलारा अख्तर, फाहिमा खातून, फरिहा त्रिस्ना, जुएरिया फिरदौस, मारुफा अख्तर, सोभना मोस्टोरी, रबिया खान, रितु मोनी, संजीदा अख्तर मेघला, सरमिन सुल्ताना, शर्मिन अख्तर, शोर्ना अख्तर, सुल्ताना खातून।

मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे शुरू होगा।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article