क्रिकेट

कौन होगा इंग्लैंड का अगला टेस्ट कप्तान, बेन स्टोक्स इस खिलाड़ी को किया सपोर्ट

England New Captain: बेन स्टोक्स के रिटायरमेंट के बाद सबसे बड़ा सवाल है कि अब इंग्लैंड का अगला टेस्ट कप्तान कौन होगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरा और आखिरी टेस्ट स्टोक्स का कप्तान और खिलाड़ी के तौर पर आखिरी मुकाबला था।

Image

बेन स्टोक्स (साभार-X)

England New Captain: न्यूजीलैंड ने 160 रन से मुकाबला जीतकर बेन स्टोक्स की विदाई टेस्ट को खराब कर दिया। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने 3 मैच की टेस्ट सीरीज को 0-1 से पिछड़ने के बावजूद 2-1 से अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही बेन स्टोक्स के 15 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर का सफर थम गया। आखिरी मुकाबले में बेन स्टोक्स ने 6 विकेट और 45 रन बनाए।

सबसे बड़ा सवाल कौन करेगा रिप्लेस

बेन स्टोक्स के जाने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल है कि रेड बॉल क्रिकेट में इंग्लैंड का अगला कप्तान कौन होगा जो इस दिग्गज ऑलराउंडर की जगह लेगा। इस रेस में कई नाम हैं, लेकिन एक नाम है जिसको लेकर बेन स्टोक्स भी आश्वस्त नजर आ रहे हैं। पहले उन नामों के बारे में जानते हैं जो इंग्लैंड की कमान संभाल सकते हैं।

1. जो रूट- इस लिस्ट में पहला नाम जो रूट का है। दूसरे टेस्ट में जब बेन स्टोक्स नाइटक्लब विवाद के चलते टीम में नहीं थे तो रूट ने ही टीम का नेतृत्व किया था। हालांकि, पूर्व कप्तान रूट पूरी तरह से टीम का नेतृत्व करें, इसकी संभावना ना के बराबर है।

2. जैकब बेथल- इंग्लैंड अपने युवा खिलाड़ियों पर भरोसा दिखाने से गुरेज नहीं करता। ऐसे में अगर टीम भविष्य को ध्यान में रखते हुए जैकब बेथल को यह जिम्मेदारी दे दे तो इससे हैरानी नहीं होगी। आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में बेथल ने टीम की कमान भी संभाली थी। ऐसे में बेथल का नाम सबको चौंका सकता है।

3. सबसे बड़े दावेदार हैरी ब्रूक- इंग्लैंड टीम के अगले कप्तान बनने के सबसे बड़े दावेदार हैरी ब्रूक हैं। ब्रूक मौजूदा टेस्ट टीम के उप-कप्तान थे और बेन स्टोक्स के जाने के बाद सबसे बड़े दावेदार वही हैं। पहले से व्हाइट बॉल फॉर्मेट में इंग्लैंड की कमान संभाल रहे ब्रूक को टेस्ट टीम की भी कप्तानी सौंपी जा सकती है। ब्रूक के नाम का समर्थन तो बेन स्टोक्स ने भी कर दिया। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा 'ब्रूक को किसी कारण से ही टीम का उप-कप्तान बनाया गया था और यह स्वभाविक है कि वह टीम के अगले कप्तान बनें। इंग्लैंड का अगला टेस्ट असाइनमेंट अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ है जो दिसंबर 17 दिसंबर से शुरू हो रहा है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article