क्रिकेट

गुमनाम देश की खिलाड़ी ने जीता ICC विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड, बड़े-बड़े दिग्गज रह गए पीछे

ICC Women's Player of the Month: एक गुमनाम देश की खिलाड़ी ने ICC विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड जीतकर इतिहास रच दिया है। आइल ऑफ मैन की 19 साल की युवा बल्लेबाज लूसी बार्नेट ने यह खिताब अपने नाम किया है।

Image

लूसी बार्नेट ने ICC विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड जीता (फोटो साभार- ICC)

ICC Women's Player of the Month: महिला क्रिकेट में एक नई स्टार ने दस्तक दी है। आइल ऑफ मैन की 19 साल की युवा बल्लेबाज लूसी बार्नेट ने ICC विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड जीतकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने थाईलैंड की अनुभवी खिलाड़ियों लाओमी और नन्नापत कोंचरोंकाई जैसी दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए यह सम्मान हासिल किया है। बार्नेट के लिए यह टूर्नामेंट सपने जैसा रहा। विमेंस कॉन्टिनेंटल कप में उनका बल्ला जमकर बोला। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाए और अपनी टीम को फाइनल तक पहुंचाने में सबसे अहम भूमिका निभाई। इस दौरान उन्होंने एक शानदार शतक और दो अर्धशतक जड़े। उनकी निरंतरता और बड़े शॉट खेलने की क्षमता ने सभी को प्रभावित किया।

आइल ऑफ मैन की खिलाड़ी ने जीता अवॉर्ड

टूर्नामेंट की शुरुआत ही उन्होंने धमाकेदार अंदाज में की थी। रोमानिया के खिलाफ पहले मैच में उन्होंने नाबाद 71 रन की पारी खेली और सिर्फ 13.1 ओवर में अपनी टीम को आसान जीत दिला दी। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। हर मैच में उन्होंने जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी की और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अवॉर्ड मिलने के बाद लूसी ने कहा कि यह उनके लिए अविश्वसनीय एहसास है। उन्होंने कहा, "ICC प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड जीतना अद्भुत है और ईमानदारी से कहूं तो अभी भी थोड़ा अविश्वसनीय लग रहा है क्योंकि मैं आइल ऑफ मैन के लिए इतिहास बना रही हूं। मुझे पता था कि मेरा महीना अच्छा गया है, लेकिन इतने सारे बड़े खिलाड़ियों से आगे चुना जाना गर्व की बात है।"

अवॉर्ड जीतकर क्या बोलीं बार्नेट

इसके आगे उन्होंने कहा कि यह महिला क्रिकेट के लिए शानदार समय है और इस समय सुर्खियों में आना खास है। उन्होंने ICC, अपने साथी खिलाड़ियों, कोचों और अधिकारियों का शुक्रिया अदा किया। बार्नेट ने कहा कि यह अवॉर्ड उन्हें और बेहतर करने की प्रेरणा देगा और वह इस फॉर्म को आगे भी जारी रखना चाहती हैं। मात्र 19 साल की उम्र में इतना बड़ा सम्मान जीतकर लूसी बार्नेट ने भविष्य की बड़ी स्टार बनने की क्षमता दिखाई है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article